नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मेरठ में ओलंपियन अन्नू रानी की शादी में हुई हवाई फायरिंग और FIR की है। वहीं, दूसरी खबर आजम खान की जेल बदलने की याचिका से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मेरठ में ओलंपियन दुल्हन ने शादी में की फायरिंग, अन्नू रानी और बॉक्सर दूल्हे पर पर FIR मेरठ की इंटरनेशनल जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी और किक बॉक्सर साहिल भारद्वाज जीवनसाथी बन गए। लाल रंग का लहंगा पहने अन्नू अपनी सहेलियों के साथ स्टेज तक पहुंचीं। यहां से साहिल हाथ पकड़ स्टेज पर ले गए। वरमाला के पहले अन्नू-साहिल ने राइफल से दो हवाई फायर भी किए। साहिल ने नोटों की गड्डियां अन्नू पर उछाली। फायरिंग का वीडियो आने के बाद दोनों पर एफआईआर दर्ज की गई। पूरी खबर पढ़ें 2- आजम ने कोर्ट से कहा- हमारी जेल बदल दो, कोर्ट ने कहा- हमसे पूछकर बदलेगा जेल आजम खान ने कोर्ट से कहा- हमारी जेल बदल दो, यहां सुविधाएं नहीं। उन्होंने पिता-पुत्र को एक ही बैरक में रखने की मांग भी की है। रामपुर कोर्ट ने सुनवाई के बाद कहा कि उससे पूछे बिना जेल न बदली जाए। उधर, जेल गए आजम को जेलर ने घर का कंबल तक नहीं लेने दिया। खाना लेकर आए परिवार वालों को भी लौटा दिया। आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला को 2 पैन कार्ड मामले में 7 साल की सजा हुई है। पूरी खबर पढ़ें 3- मेरठ में सिपाही बेड पर जिंदा जल गया, कमरा अंदर से बंद था मेरठ में हेड कॉन्स्टेबल की सोते समय जिंदा जलकर मौत हो गई। लोगों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह बिस्तर पर पड़े जल रहे थे। दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आग कैसे लगी इसका पता नहीं। पुलिस में वह 2011 में भर्ती हुए थे। सिपाही विभोर तोमर, शामली के कांधला के रहने वाले थे। हादसा मंगलवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुआ। पूरी खबर पढ़ें 4- प्रयागराज में इंदिरा मैराथन में एथलीट बेहोश, दौड़ते-दौड़ते गिरा प्रयागराज में आज 40वीं अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन हुई। मैराथन में 500 से अधिक महिला और पुरुष धावक दौड़े। बुधवार सुबह हल्की-हल्की ठंड के बीच 6.30 बजे मैराथन की शुरुआत हुई। फूल बरसाकर धावकों का स्वागत हुआ। फिनिशिंग प्वाइंट के पहले ही कई धावक गिर गए। हालांकि, मेडिकल टीम ने तुरंत असिस्ट किया। महिलाओं में रेणुका और पुरुषों में प्रदीप कुमार चौहान चैंपियन बने। पूरी खबर पढ़ें 5- कानपुर में NIA ने की 12 ठिकानों पर रेड, यूपी के मदरसों की जांच भी शुरू कानपुर में ATS और NIA की टीमों ने 12 से अधिक जगहों पर छापेमारी की है। एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि डॉ. शाहीन ब्लास्ट से 25 दिन पहले कानपुर आई थी। कितने डॉक्टर्स उसके करीबी थे इसका आंकड़ा जुटाया जा रहा है। बिना बताए मेडिकल कॉलेज से गायब रहने वाले 7 डॉक्टर्स से भी पूछताछ की गई है। एटीएस ने यूपी के मदरसों की जांच शुरू कर दी है। विभागीय डिटेल भी मांगा है। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- लखनऊ में शोरूम से 7 सेकेंड में LED टीवी चुरा ले गया, लड़की ने पीछा किया लखनऊ के एक शोरूम से चोर LED टीवी लेकर भाग गया। शोरूम मालिक देखता रह गया। शाम का वक्त था। चोर, शोरूम के अंदर घुसा और टीवी उठाकर तुरंत भाग गया। एक लड़की चोर के पीछे भागती दिख रही। लेकिन वह देखते ही देखते ओझल हो गया। यह पूरी घटना 7 सेकेंड के अंदर हुई। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इस चोरी की शिकायत ठाकुरगंज थाने में की गई है। पूरी खबर पढ़ें 7- संभल में महंत बोले- जरूरत पड़ी तो 6 दिसंबर दोहराएंगे, DM के फोन के बाद 22 किमी पदयात्रा रद्द संभल में हरिहर मंदिर परकोटे की 22 किमी पदयात्रा निकालने को लेकर पुलिस और भक्तों में झड़प हो गई। मां कैला देवी मंदिर के महंत ऋषिराज ने इंस्पेक्टर से कहा- जरूरत पड़ी तो 6 दिसंबर दोहरांएगे। बैरिकेडिंग हटाओ। हालांकि, मामला बिगड़ता देख डीएम राजेंद्र पैंसिया ने महंत से बात की। इसके बाद यात्रा रद्द कर दी गई। ऐलान के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था। पूरी खबर पढ़ें 8- एटा में घर से भागकर लव-मैरिज की, दोस्तों के साथ ले जाकर लाश जलाई एटा में परिवार के खिलाफ जाकर जिससे लव मैरिज की, उसी को मार डाला। मामूली विवाद में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया और रात के अंधेरे में दोस्तों के सहयोग से अवशेषों को जमीन के अंदर दफना दिया। 11 दिनों बाद मामला खुला। पड़ोसियों ने युवती की मां को सूचना देने के साथ CCTV रिकॉर्ड सौंप दी। FIR के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया। पूरी खबर पढ़ें 9- यूपी के मंत्री बोले- मुसलमान जितना पढ़ा-लिखा-उतना बड़ा आतंकी, एएमयू की जांच हो दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रघुराज सिंह ने कहा- मुसलमान जितना पढ़ा-लिखा, उतना बड़ा आतंकी। लादेन बीटेक-एमटेक था, लेकिन उसने अमेरिका पर हमला किया था। ये दैत्यों के वंशज हैं। उन्होंने कहा कि एएमयू की हो जांच। मस्जिद-मदरसों से आतंकी निकलते हैं, इन पर ताला लगे। दरअसल, एएमयू ने अल फलाह यूनिवर्सिटी को नॉर्थ जोन इंटरवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट (पुरुष) खेलने का न्योता दिया है। पूरी खबर पढ़ें 10- लखनऊ में मंत्री आवास के पास मां-बेटे ने सल्फास खाया, मथुरा से आए थे लखनऊ में पर्यटन मंत्री के आवास के पास बुधवार सुबह 11:30 बजे मां-बेटे ने सल्फास खा लिया। वे सड़क पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर दोनों मां-बेटे तड़प रहे थे, पास सल्फास का खाली पाउच मिला। पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचाया। मां की हालत नाजुक होने पर KGMU रेफर किया गया। दोनों मथुरा के बरसाना के हैं। बोले- मंत्री के पार्टनर ने पैसे लेकर प्लॉट नहीं दिया। पूरी खबर पढ़ें 11- कानपुर हादसे के 2 दिन बाद भी मां को पता नहीं बेटा मर चुका, परिजन ने किया अंतिम संस्कार कानपुर हादसे में मां को दो दिन बाद भी नहीं पता कि उसका बेटा अब जिंदा नहीं। बार-बार बेटे का हाल पूछती है। पिता भी कुछ नहीं बता रहा। अरौल में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह 3.20 दिल्ली से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस पलट गई। हादसे में बिहार के शिवांग के रहने वाले अजय के 5 साल के बेटे अनुराग का सिर धड़ से अलग हो गया था। पत्नी गुड्डी का दायां पैर कट गया। पूरी खबर पढ़ें 12- नोएडा में फर्जी रॉ अफसर अरेस्ट, लैपटॉप में मिले दिल्ली ब्लास्ट के VIDEO नोएडा एसटीएफ ने बुधवार को एक फर्जी रॉ अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुमित कुमार के लैपटॉप में दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े वीडियो मिले हैं। STF आरोपी को नंगे पैर ही उठाकर ले गई। टीम ने ग्रेटर नोएडा के पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी खुद को कभी मेजर अमित और कभी खुद को रॉ का बड़ा अधिकारी बता रहा था। पूरी खबर पढ़ें 13- कानपुर में बारात ले जाने से पहले इंटरव्यू देने पहुंचा युवक, इजराइल की कमेटी ले रही टेस्ट यूपी रोजगार मिशन के तहत बुधवार से इजराइल में कंस्ट्रक्शन वर्क की भर्ती के लिए प्रोफेशनल टेस्ट ड्राइव शुरू हुई। भर्ती के पहले दिन लखीमपुर खीरी जिले के रामनगर गांव का रवि सिंह राजगीर पद की भर्ती के लिए पहुंचा। युवक के हाथ में मेहंदी लगी थी। इंटरव्यू करने वालों ने पूछा तो बताया कि मेरी आज शादी है। बारात लेकर जाना है। उसका तत्काल टेस्ट कराया गया ताकि वह जल्दी लौट सके। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- AC कोच में डॉग का लग्जरी सफर, मालकिन ने चादर बिछाई-कंबल ओढ़ाया गोरखपुर से जम्मू जा रही अमरनाथ एक्सप्रेस के AC कोच में पालतू कुत्ते ने सफर किया। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें कुत्ता थर्ड AC कोच के मिडिल बर्थ पर कंबल ओढ़कर आराम से बैठा दिखाई दे रहा है। उसके लिए चादर भी बिछाई गई है। कुत्ता कभी बिस्किट खाता है, तो कभी लेट जाता है। महिला लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कुत्ते के साथ उतर गई। वीडियो 17 नवंबर का बताया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास 15- जूनियर ट्रंप करेंगे ताज का दीदार 20 नवम्बर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे जूनियर ट्रंप आगरा में ताजमहल का दीदार करेंगे। दिल्ली से 40 देशों के 126 मेहमानों का दल आगरा पहुंचेगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…