जिम से 2 करोड़ की बैन कफ सिरप मिली:बांग्लादेश भेजने की तैयारी थी, वाराणसी में प्रधानपति ने रखवाया

वाराणसी में एक जिम से 2 करोड़ की बैन कफ सिरप मिली। इसे महिला प्रधान के पति ने अपने जिम के गोदाम में छिपा रखा था। इसकी डिलीवरी बंगाल के माल्दा टाउन में की जानी थी। जहां से इसे बांग्लादेश भेजने की तैयारी थी। रोहनिया पुलिस ने शिकायत पर बुधवार को टाइटन फिटनेस जिम में छापेमारी की। इसके बाद ड्रग विभाग और ANTF की टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस ने महिला प्रधान के आरोपी पति को हिरासत में लिया है। इसके बाद मामले की जांच में जुटी है। जिम के नीचे बने गोदाम में रखी थी सिरप
डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया- रोहनिया के हाईवे इन होटल के पास टाइटन फिटनेस जिम सेंटर चलता है। इसी जिम के अंडरग्राउंड में बने गोदाम में दवाएं होने की सूचना मिली थी। बताया गया था कि कुछ दिन पहले कफ सिरप उतारी गई, लेकिन सप्लाई नहीं हुई थी। एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और थाना प्रभारी राजू सिंह की टीम ने गोदाम पर छापेमारी की तो सूचना सही मिली। गोदाम में छापेमारी के बाद बरामद सिरप को ड्रग विभाग और ANTF की टीम ने सील कर दिया है। महिला प्रधान के आरोपी पति और गोदाम मालिक प्रबल को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिमाचल से लाई गई 150 पेटी कफ सिरप पुलिस को गोदाम से डेढ़ सौ पेटी कफ सिरप बरामद हुए हैं। इनकी बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ के करीब बताई जा रही है। सिरप की कुछ शीशियां लीक हो गईं, जिसे मेडिकल बिन में रखा गया है। टीम ने तीन दो गत्तों से सीरप शीशी निकालकर सैंपल तैयार किए हैं। इनमें से दो सैंपल जांच के लिए अलग-अलग लैब में भेजे जाएंगे। वहीं, एक शीशी का सैंपल विभाग के पास रहेगा। ये कफ सिरप हिमाचल प्रदेश से लाई गई थी। जो कि एबोट और लैबोरेट कंपनी की है। पुलिस ने पूरा माल ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश त्रिवेदी के सुपुर्द कर दिया है। जिम किराए पर लिया गया है। इसका रेंट एग्रीमेंट किसी महेश नाम के व्यक्ति के नाम पर बना है। गोदाम मालिक बोले- मुझे जानकारी ही नहीं
गोदाम मालिक प्रबल कुमार ने इस कफ सिरप के बारे में जानकारी से इनकार किया है। उसका कहना है कि किसी दवा कारोबारी ने शहर में दुकान में जगह नहीं होने बहाने से कुछ माल उतरवाया था। इसे बाद में ले जाने की बात कही थी। लेकिन अब छापेमारी में पता चला है कि ये कफ सिरप है। डीसीपी वरूणा जोन ने बताया- यह अवैध ड्रग्स के खिलाफ बड़ा एक्शन है। छापे के दौरान पुलिस को कई अहम सबूत भी मिले हैं, जो आगे की जांच में मददगार होंगे। इस मामले में और आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। इस कारोबार से जुड़े पूर्व में कई नाम और दुकानें पुल‍िस के न‍िशाने पर हैं। जल्‍द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। —————— ये खबर भी पढ़ें… मेरठ में सिपाही बेड पर जिंदा जल गया, VIDEO:कमरा अंदर से बंद था; आग कैसे लगी पता नहीं, 2011 में हुई थी भर्ती मेरठ में हेड कॉन्स्टेबल की सोते समय जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर आसपास के लोग पहुंचे। लोगों ने खिड़की से झांककर देखा, तो हेड कॉन्स्टेबल बिस्तर पर पड़े जल रहे थे। दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। हथौड़े से दरवाजा तोड़ा गया। लेकिन तब तक हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो चुकी थी। पढ़ें पूरी खबर…