बरेली में निदा खान पर जानलेवा हमला:जेल में बंद तौकीर रजा और पति शीरान पर हत्या की साजिश का आरोप

बरेली में निदा खान पर जानलेवा हमला हुआ है। उनके घर में घुसकर एक युवक ने चाकू से हमला किया है। जिसमें निदा खान बाल-बाल बच गई। उन्होंने इस मामले की शिकायत x पर की है। निदा ने जेल में बंद अपने तैया ससुर तौकीर रजा और पति शीरान पर हमले का आरोप लगाया है। मंगलवार रात हुआ हमला
बारादरी थाना क्षेत्र के शहदाना निवासी सामाजिक कार्यकर्ता और ट्रिपल तलाक पीड़िता निदा खान ने आरोप लगाया है कि मंगलवार रात करीब 9 बजे उनके घर पर अचानक से एक युवक घुस आया और उसने चाकू से हमला कर दिया। हम लोगों ने शोर मचाया तो वो जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। निदा ने सोशल मीडिया साईट एक्स पर बरेली पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने पुलिस से कार्यवाही की मांग की है। निदा कट्टरपंथी विचारधारा का करती है विरोध
निदा ने बताया कि वो हमेशा से कट्टरपंथी विचारधारा का विरोध करती रही है। तौकीर रजा ने जब जब पुलिस प्रशासन और सरकार को चुनौती दी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तब तब मैने आवाज उठाई। 26 सितम्बर को बरेली में तौकीर रजा ने जो बबाल करवाया, उसका भी निदा खान ने सोशल मीडिया पर खुलकर विरोध किया। जिस वजह से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी
इस मामले में बारादरी थाने के इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि निदा खान ने जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने जो तहरीर दी है उसकी जांच की जा रही है। अब जानिए कौन हैं निदा खान
निदा खान एक समाजसेविका हैं। उनका निकाह 18 फरवरी 2015 को शीरान रजा से हुआ था। उनकी तरफ से दहेज, घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोपों के बाद पति ने उन्हें तीन तलाक दिया। उस घटना के बाद उन्होंने तीन तलाक के विरोध में आवाज उठाई।। आज वे आला हजरत हेल्पिंग सोसाइटी नाम से संस्था चला रही हैं। वे ट्रिपल-तलाक पीड़ित महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ती हैं। सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां
निदा ने बताया- तौकीर मियां के समर्थक मेरे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर गालियां लिख रहे हैं और वीडियो पर भद्दी टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा- “जब मैं घर से निकलती हूं तो कोई पीछा करता है, कोई देखकर मुड़कर धमकी देता है। अब ऐसा लगने लगा है कि बरेली में रहते हुए भी मैं अपनी सुरक्षा खो चुकी हूं।” निदा खान ने दावा किया कि दरगाह से जुड़े कुछ लोग पहले भी विवादों में रहे हैं। उन्होंने कहा- “कभी कन्हैया कुमार के खिलाफ फतवा देने की बात हो या कमलेश तिवारी हत्याकांड में दरगाह के मौलाना का नाम आना, ऐसे कई मामले हैं जो सवाल खड़े करते हैं। अब तो मौजूदा वक्त में तौकीर मियां खुद जेल में हैं और उनके परिवार से जुड़े लोग भी दंगे के मामलों में नामजद हैं।” पति के खिलाफ वारंट जारी, पर पुलिस निष्क्रिय
निदा ने बताया- मेरे पति के खिलाफ भी वारंट जारी हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने कहा-“मुझे अब पुलिस से ज्यादा उम्मीद नहीं, लेकिन मैं ये वीडियो इसलिए जारी कर रही हूं ताकि अगर मुझे कुछ होता है तो जिम्मेदारी किसकी होगी, ये साफ रहे।” सोशल मीडिया पर किसी महिला को गालियां देना या फोन कर धमकी देना अपराध है। मैं चाहती हूं कि पुलिस ऐसे लोगों को ट्रेस करे और कार्रवाई करे। यह सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हर महिला की सुरक्षा का सवाल है। मौलाना तौकीर माफिया है, मुसलमानों का ब्रेनवाश किया
निदा खान का कहना है कि मौलाना तौकीर को उनके किए की सजा मिल रही है। इन्होंने कई मुसलमानों का ब्रेनवॉश किया है और कई मुसलमान इनकी वजह से आज मुश्किल में हैं। निदा खान ने साफ कहा कि मौलाना माफिया है। ये तालिबानी जैसे लोग हैं। इनके साथ के लोग ही दंगों में शामिल थे। पाकिस्तानी पत्नी को लेकर किया खुलासा
निदा खान ने इस दौरान ये भी बताया कि तौकीर रजा की एक पत्नी पाकिस्तानी भी थी। मगर इन्होंने तीन तलाक देकर उसे निकाल दिया था। फिर इन्होंने दूसरा निकाह किया था। इन सभी लोगों के बारे में जांच पड़ताल की जानी चाहिए। निदा खान फिलहाल बरेली में हैं और उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से तत्काल सुरक्षा की मांग की है। निदा खान ने इस दौरान ये भी बताया कि तौकीर रजा की एक पत्नी पाकिस्तानी भी थी।
निदा खान के खिलाफ जारी हो चुका है फतवा
निदा खान के खिलाफ शहर काजी की तरफ से फतवा भी जारी कर चुके हैं। जिसमें उन्हें और उनके परिवार को इस्लाम से खारिज कर दिया गया था। उनका हुक्का पानी तक बंद करवा दिया गया था। यहां तक कि अगर कोई उन्हें कोई सामान बेचता है तो वो भी इस्लाम से खारिज माना जायेगा। कब्रिस्तान में निदा के परिवार के अगर किसी सदस्य का इंतकाल हो जाता है तो उसे दफनाने तक की इजाजत नहीं थी। उनके जनाजे तक में कोई शामिल नहीं हो सकता था।