नाला निर्माण में लारवाही बरतने पर आगरा नगर निगम ने ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। ठेकेदार ने न तो निर्धारित समय में नाला निर्माण पूरा किया, सड़क किनारे मिट्टी का ढेर और लगा दिया। नगर निगम के इंजीनियर ने मिट्टी हटाने के निर्देश दिए तो उन्हें भी ठेकेदार ने नजरअंदाज कर दिया। इस ठेकेदार को मिला था टेंडर
आगरा के हरिपर्वत जोन क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। कर्मयोगी ब्लॉक स्थित शुभम विहार (फेस-2) से यमुना विहार पुलिया होते हुए ब्रजधाम सीसी मुख्य मार्ग तक आरसीसी नाला निर्माण चल रहा है। टेंडर प्रक्रिया के तहत यह काम ठेकेदार सतेंद्र प्रताप की फर्म को 24 दिसंबर 2024 को मिला था। न काम पूरा किया, न मिट्टी हटाई
अनुबंध के तहत यह काम 13 नवंबर 2025 तक पूरा होना था लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। वर्तमान में भी कार्य प्रगति पर है। नाला खुदाई में निकली अतिरिक्त मिट्टी ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे डाल दी गई है। अवर अभियंता हरीओम ने ठेकेदार को कई बार मिट्टी हटाने के निर्देश दिए लेकिन उसे निर्देशों की अवहेलना कर दी।
इससे राहगीरों के आवागमन में परेशानी हो रही है। क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो रहा है। ठेकेदार के मनमाने रवैया पर अवर अभियंता ने 50 हजार रुपये के जुर्माने की संस्तुति नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से की थी, जिस नगर आयुक्त ने अपनी मुहर लगा दी है।