फर्रुखाबाद में बुधवार देर शाम जैतपुर चौराहा के पास एक रोडवेज बस और ईको कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में ईको कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के पिपरगांव निवासी सुनील उर्फ सोनू (35) और बंटी (30) के रूप में हुई है। घायल सुरेश (52) और अमलेश (35) भी पिपरगांव के ही निवासी हैं। ये सभी बुधवार देर शाम रोहिला गांव से अपने गांव पिपरगांव लौट रहे थे। बताया गया कि कार बंटी की है। हादसे के बाद राहगीरों ने मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी। एसआई आशू कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चारों घायलों को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल ले गए। इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ. हुड्डा ने सुनील और बंटी को मृत घोषित कर दिया। सुरेश और अमलेश का इलाज चल रहा है। सुनील के ताऊ के बेटे गुंजन लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया सुनील राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी पत्नी का नाम प्रीति है। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें 5 साल की बेटी परी और 3 साल का बेटा अंश शामिल हैं। सुनील अपने 4 भाइयों में दूसरे नंबर पर था। अस्पताल प्रशासन ने दोनों के शव को मोर्चरी में रखवाया है।