बरेली में सरदार पटेल के सम्मान में निकली एकता यात्रा:शहर की सड़कों पर उमड़ा उत्साह, मंत्री अरुण कुमार रहे शामिल

बरेली में बुधवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शहर एकता के रंग में रंगा नजर आया। शिवाजी चौक से शुरू हुई एकता यात्रा ने बाजारों और मुख्य मार्गों से होते हुए मनोहर भूषण इंटर कॉलेज तक पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में व्यापारी, नागरिक और सामाजिक संस्थाएं जुड़ीं, जिन्होंने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। सभा में प्रभारी मंत्री बोले-पटेल की सोच आज भी मार्गदर्शक
एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन देश को जोड़ने और मजबूत करने में समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को पटेल के संकल्प और कड़े निर्णयों से सीख लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर देश को शुरू से ही सरदार पटेल जैसा नेतृत्व मिला होता तो कई जटिल स्थितियों से देश को नहीं गुजरना पड़ता। उन्होंने दावा किया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत तेज गति से आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बन रहा है। एकता यात्रा में दिखा उत्साह
नगर क्षेत्र में निकली यात्रा में मंत्री अरुण कुमार के साथ भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पैदल चले। यात्रा शिवाजी चौक से निकलकर शील चौराहा, झूलेलाल द्वार और शहीद पंकज अरोरा चौक से होती हुई एमवी इंटर कॉलेज पहुंची। रास्ते में व्यापारिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। देश की एकता के सूत्रधार को श्रद्धांजलि
मंत्री अरुण कुमार ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व देश की एकता का आधार स्तंभ है। उनकी जयंती पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोने का जो काम किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। कार्यक्रम में मेयर उमेश गौतम, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, श्रुति गंगवार, अनिल सक्सेना, देवेंद्र जोशी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।