ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज का पहला टेस्ट 8 विकेट से जीत लिया। पर्थ स्टेडियम में टीम ने शनिवार को मुकाबले के दूसरे ही दिन इंग्लैंड को हरा दिया। ट्रैविस हेड की 69 गेंद पर सेंचुरी के दम पर टीम ने 205 रन का टारगेट 28.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। पहली पारी में इंग्लैंड ने 172 और ऑस्ट्रेलिया ने 132 रन बनाए थे। दूसरी पारी में इंग्लिश टीम 164 रन ही बना सकी और होम टीम को 205 रन का टारगेट मिला। ट्रैविस हेड ने 83 गेंद पर 123 और मार्नस लाबुशेन ने 49 गेंद पर 51 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। मुकाबले में 10 विकेट लेने वाले मिचेल स्टार्क प्लेयर ऑफ द मैच रहे। सीरीज का दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से ब्रिसबेन के द गाबा स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला डे-नाइट रहेगा, जिसमें पिंक बॉल का इस्तेमाल होगा। 28.2 ओवर में जीत गया ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया ने 205 रन के टारगेट का पीछा करने के लिए जैक वेदराल्ड के साथ ट्रैविस हेड को ओपनिंग भेजा। यह तरकीब टीम के काम आई, हेड ने बेहद तेज बैटिंग की। वेदराल्ड 23 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन हेड के साथ 75 रन की पार्टनरशिप कर ली। नंबर-3 पर उतरे मार्नस लाबुशेन फिर एक एंक पर टिक गए। दूसरे एंड पर हेड ने 69 गेंद पर शतक लगा दिया। सेंचुरी के बाद भी उन्होंने शॉट्स खेले और टीम को 200 के करीब पहुंचा दिया। वे 83 गेंद पर 123 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 16 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। आखिर में लाबुशेन ने 51 और कप्तान स्टीव स्मिथ ने 2 रन बनाकर टीम को 28.2 ओवर में जीत दिला दी। स्टार्क को मैच में 10 विकेट, देखिए उनके बेहतरीन कैच का वीडियो… बोलैंड ने झटके 4 विकेट
इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। ओपनर जैक क्रॉली फिर से बिना खाता खोले आउट हो गए। मिचेल स्टार्क ने अपनी ही गेंद पर एक हाथ से शानदार कैच लेकर उन्हें पवेलियन भेजा। बेन डकेट 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। ओली पोप 33 रन बनाकर आउट हुए और यह विकेट भी बोलैंड के नाम रहा। बोलैंड ने दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक 4 विकेट लिए। ब्रेंडन डोगेट और मिचेल स्टार्क ने दूसरी पारी में 3-3 विकेट चटकाए। जो रूट सिर्फ 8 रन बनाकर आउट
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट 8 रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए। हैरी ब्रूक बिना कोई रन बनाए आउट हुए। कप्तान बेन स्टोक्स 2 रन और विकेटकीपर जैमी स्मिथ 15 रन बनाकर वापस लौट गए। 104 रन पर 7 विकेट गिरने के बाद गस एटकिंसन और ब्रायडन कार्स ने पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर आठवें विकेट के लिए 50 रन जोड़कर इंग्लैंड की बढ़त को 200 के पार पहुंचा दिया। टीम 164 रन बनाकर ऑलआउट हुई और ऑस्ट्रेलिया को 205 रन का टारगेट मिला। ऑस्ट्रेलिया ने 9 रन बनाने में आखिरी विकेट गंवाया
शनिवार को ऑस्ट्रेलिया ने 123/9 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। नाथन लायन के विकेट के साथ टीम की पहली पारी 132 रन पर खत्म हुई। लायन को ब्रायडन कार्स ने बेन डकेट के हाथों कैच कराया। इंग्लैंड से बेन स्टोक्स ने 5, ब्रायडन कार्स ने 3 और जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट लिए। पर्थ टेस्ट के पहले दिन 19 विकेट गिरे शुक्रवार को मैच के पहले दिन 19 विकेट गिरे और ये सभी विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए। लंच के बाद इंग्लैंड 172 पर ऑलआउट हो गई। वहीं दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 123 रन पर ही 9 विकेट गंवा दिए।इंग्लिश टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया। टीम के लिए यह फैसला गलत साबित हुआ और 172 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि ऑस्ट्रेलिया भी इसका फायदा नहीं उठा सकी और दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट खो दिए। पूरी खबर… दोनों टीमो की प्लेइंग-XI
ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, जेक वेदराल्ड, मार्नस लाबुशेन, ट्रैविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेट कीपर), मिचेल स्टार्क, नाथन लायन, ब्रेंडन डॉगेट और स्कॉट बोलैंड। इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ, गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड। ऑस्ट्रेलिया के पास है एशेज सीरीज
एशेज सीरीज की ट्रॉफी फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के पास है। टीम ने 2021 के सीजन में 5 मैचों में से 4 जीते थे, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा था। उसके बाद 2023 की सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच हुई एशेज में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी है। अब तक दोनों देशों के बीच 73 सीरीज खेली गई हैं। इसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 34 सीरीज जीतीं। वहीं, इंग्लैंड ने 32 सीरीज अपने नाम की हैं। बाकी की बची 7 सीरीज ड्रॉ रहीं।