कोलकाता टेस्ट- खराब रोशनी के कारण जल्दी स्टंप्स हुआ:साउथ अफ्रीका 63 रन से आगे, कप्तान बावुमा नाबाद लौटे; भारत 189 रन पर ऑलआउट

साउथ अफ्रीका कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन भारत के खिलाफ 63 रन से आगे है। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शनिवार को भी खराब रोशनी के कारण जल्दी स्टंप्स कर दिया गया। आज 77 ओवर ही डाले जा सके, जबकि 13 ओवर बाकी रह गए। दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 93 रन बनाने में 7 विकेट गंवा दिए हैं। कप्तान टेम्बा बावुमा 29 और कॉर्बिन बॉश एक रन पर नाबाद लाैटे। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 4 विकेट झटके। कुलदीप यादव को 2 और अक्षर पटेल को एक विकेट मिला। जडेजा ने भारत में 250 टेस्ट विकेट भी पूरे कर लिए हैं। इससे पहले टीम इंडिया ने पहली पारी में 9 विकेट पर 189 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल गर्दन में ऐंठन की वजह से पहले सेशन में रिटायर हर्ट हो गए थे। इसके बाद वे बैटिंग करने नहीं उतरे। केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर ने 4 विकेट झटके। मार्को यानसन ने 3 विकेट लिए। केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश को 1-1 विकेट मिला। पहले दिन अफ्रीकी टीम पहली पारी में 159 रन पर ऑलआउट हो गई थी। मैच का स्कोरकार्ड… मैच का ब्रीफ स्कोर देखिए दोनों टीमों की प्लेइंग-XI भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह। साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम, टोनी डी जॉर्जी, रायन रिकेल्टन, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिने (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, साइमन हार्मर, केशव महाराज, मार्को यानसन और कॉर्बिन बॉश ।