भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का 22 नवंबर से होने वाले गुवाहाटी टेस्ट में खेलना मुश्किल है। वे टीम के साथ गुवाहाटी नहीं गए हैं। टीम मंगलवार को ऑप्शनल ट्रेनिंग करेगी। बंगाल क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने बताया कि गिल की गर्दन में तेज दर्द है। उन्हें कॉलर (मेडिकल नेक-बैंड) पहनकर आराम करने को कहा गया है। उन्हें 3-4 दिन हवाई यात्रा न करने और गुवाहाटी न जाने की सलाह दी गई है। उनकी रिकवरी पर नजर रखी जा रही है। मंगलवार तक स्थिति साफ होगी। 15 नवंबर को कोलकाता टेस्ट में गिल स्वीप शॉट खेलते वक्त गर्दन में ऐंठन के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। उन्हें वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती किया गया था। रविवार शाम उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। पहली पारी के दौरान रिटायर हर्ड हुए
शनिवार को गिल कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में वॉशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद 35वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। उन्होंने साइमन हार्मर की पहली दो बॉल पर कोई रन नहीं बनाया। इसके बाद तीसरी बॉल पर चौका लगाकर अपना खाता खोला, इसी दौरान स्वीप खेलने के प्रयास में उनकी गर्दन में परेशानी हुई। इसके बाद फिजियो आए और गिल उनके साथ मैदान से बाहर चले गए। वे भारतीय पारी में महज 4 रन ही बना सके। उन्हें स्टेडियम से एक निजी अस्पताल में स्कैन के लिए ले जाया गया। इस दौरान उन्हें गर्दन में ब्रेस पहने हुए देखा गया। ईडन से निकलते समय उनके साथ टीम के डॉक्टर और संपर्क अधिकारी भी थे। गिल की गैरमौजूदगी में पंत ने संभाली कप्तानी
गिल गुवाहाटी टेस्ट नहीं खेल पाते हैं तो उप कप्तान ऋषभ पंत ही टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। कोलकाता टेस्ट से भी गिल के बाहर होने के बाद पंत ने ही टीम की कमान संभाली थी। कप्तान की गैरमौजूदगी में उप कप्तान ही टीम को लीड करता है। भारत पहला टेस्ट 30 रन से हारा
भारतीय टीम रविवार को कोलकाता टेस्ट 30 रन से हार गई। टीम 124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 93 रन पर ढेर हो गई। इसके साथ ही साउथ अफ्रीका ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। ऐसे में भारत को यह सीरीज ड्रॉ कराने के लिए दूसरा मैच जीतना जरूरी है।