ढाका टेस्ट- बांग्लादेश की बढ़त 367 रन हुई:शादमान-महमूदुल हसन की फिफ्टी; आयरलैंड पहली पारी में 265 रन पर आउट हुआ

आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश ने मजबूत बढ़त बना ली है। मीरपुर में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 1 विकेट पर 156 रन बना लिए। टीम की कुल बढ़त अब 367 रन हो गई है। शादमान इस्लाम 69* और मोमिनुल हक 19* रन पर नाबाद हैं। इससे पहले आयरलैंड ने अपनी पहली पारी 98/5 से आगे बढ़ाई। लॉर्कन टकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 75 रन बनाए, लेकिन टीम 265 रन पर ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम ने 4 विकेट लिए। बांग्लादेश ने पहली पारी में 476 रन बनाए थे, जिससे उसे 211 रन की बड़ी बढ़त मिली थी। दिन के खेल के दौरान ढाका में आए भूकंप के कारण थोड़ी देर के लिए मैच रोकना पड़ा था। टकर ने डोहेनी और नील के साथ दो अर्धशतकीय साझेदारियां कीं
लॉर्कन टकर ने आयरलैंड की पारी संभालते हुए दो महत्वपूर्ण फिफ्टी साझेदारियां कीं।सबसे पहले उन्होंने स्टीफन डोहेनी के साथ छठे विकेट के लिए 150 गेंदों पर 81 रन जोड़े। डोहेनी 46 रन बनाकर तैजुल इस्लाम की गेंद पर बोल्ड हुए। उनकी पारी में 4 चौके शामिल थे। डोहेनी के आउट होने के बाद एंडी मैकब्रायन बिना खाता खोले तैजुल की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद टकर ने जॉर्डन नील के साथ आठवें विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 250 से आगे पहुंचाया। नील सिर्फ एक रन से फिफ्टी से चूक गए। उन्हें इबादत हुसैन ने 49 रन पर मोमिनुल हक के हाथों कैच कराया। नील ने 9 चौके लगाए। टकर पूरी पारी में डटे रहे और 7 चौकों की मदद से 171 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए। वे आयरलैंड के टॉप स्कोरर भी रहे। तैजुल ने लिए 4 विकेट
बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने कुल 4 विकेट लिए। तैजुल ने हैरी टेक्टर (14), स्टीफन डोहेनी (46), जॉर्डन नील (49), एंडी मैकब्रायन (0) और मैथ्यू हम्फ्रेज (4) को आउट किया। उनके अलावा खलील अहमद और हसन मुराद ने 2-2 विकेट लिए।इबादत हुसैन और मेहदी हसन को 1-1 विकेट मिला। हसन-इस्लाम की शतकीय साझेदारी
बांग्लादेश की दूसरी पारी में महमूदुल हसन जॉय और शादमान इस्लाम ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 187 गेंदों में 119 रन की शतकीय साझेदारी की। इस पार्टनरशिप को गाविन होए ने तोड़ा, जब उन्होंने जॉय को 60 रन पर आउट किया। जॉय ने अपनी पारी में 4 चौके लगाए। इसके बाद शादमान इस्लाम और मोमिनुल हक ने दिन का खेल बिना विकेट गंवाए संभाला।शादमान 69 रन (5 चौके) और मोमिनुल 19 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दूसरा दिन बांग्लादेश के नाम रहा
दूसरे दिन 340/5 के स्कोर से आगे खेलते हुए टीम ने 476 रन बनाए। मुशफिकुर रहीम और लिटन दास ने 123 रन की बड़ी पार्टनरशिप की। मुशफिकुर ने अपने 100वें टेस्ट में शतक जड़ा और 106 रन बनाए। लिटन दास ने भी छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। पढ़ें पूरी खबर… 5.7 तीव्रता का भूकंप आया
सुबह 10:30 बजे आए 5.7 तीव्रता के भूकंप ने ढाका और आसपास के इलाकों में नुकसान पहुंचाया। भूकंप के दौरान खिलाड़ी मैदान में ही रुक गए और कुछ झटकों के बीच जमीन पर बैठ गए। भूकंप से पहले आयरलैंड ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। दो जल्दी विकेट गिरने के बाद स्टीफन डोहेनी और लॉर्कन टकर ने टीम को संभाला और 81 रन की साझेदारी की, जिससे स्कोर 113 तक पहुंच गया। आयरलैंड की पहली पारी 265 रन पर सिमट गई।
स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी घबरा गए
स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी घबरा गए थे, लेकिन हालात सामान्य होने पर कुछ मिनट बाद मैच दोबारा शुरू हो गया। बांग्लादेशी पत्रकार अरिफुल इस्लाम रोनी ने बताया कि प्रेस बॉक्स में हालत काफी खराब थे और वहीं हड़कंप मच गया था। ESPN के पत्रकार मोहम्मद इसाम ने भी लिखा कि वे तेज झटकों के कारण प्रेस बॉक्स से नीचे भागे।