मीरपुर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के चौथे दिन बांग्लादेश ने मैच के साथ सीरीज पर भी मजबूत पकड़ बना ली है। आयरलैंड ने दूसरी पारी में 176 रन पर 6 विकेट गंवा दिए हैं और टीम को जीत के लिए अभी भी 333 रन की जरूरत है। शनिवार को बांग्लादेश के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपना 247वां विकेट लेकर शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। बांग्लादेश ने दूसरे दिन के 156/1 से आगे खेलते हुए चार बल्लेबाजों की फिफ्टी की मदद से दूसरी पारी 297/4 पर घोषित कर दी। पहली पारी में 211 रन की बढ़त के साथ बांग्लादेश ने आयरलैंड के सामने 509 रन का बड़ा टारगेट रखा। इससे पहले बांग्लादेश ने पहली पारी में मुशफिकुर रहीम के शतक की बदौलत 476 रन बनाए थे। जवाब में आयरलैंड की पहली पारी 265 रन पर सिमट गई थी। सीरीज का पहला मैच बांग्लादेश ने जीता था। अब दूसरे मैच में जीत के लिए उसे सिर्फ 4 विकेट की जरूरत है। बांग्लादेश की ओर से शानदार बल्लेबाजी, फिर तेज डिक्लेरेशन लंच से ठीक पहले बांग्लादेश ने 297/4 पर पारी घोषित कर दी। मोमिनुल हक 87 रन पर आउट हुए। मुशफिकुर रहीम 53* पर नाबाद रहे। ओपनर शादमान इस्लाम (78) और महमूदुल हसन (60) ने बेहतरीन शुरुआत दिलाते हुए 119 रन की साझेदारी की। कप्तान नजमुल हसन शांतो भी 12 रन पर आउट हो गए। मोमिनुल और मुशफिकुर ने मिलकर 123 रन की तेज साझेदारी की और बढ़त 500 से ऊपर पहुंचा दी। इसी के बाद बांग्लादेश ने 297/4 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। तैजुल ने शुरुआती झटके दिए
आयरलैंड के चेज के दौरान तैजुल ने छठे ओवर में कप्तान एंडी बलबर्नी को 13 रन पर LBW आउट किया। यह उनका रिकॉर्ड वाला विकेट था। इसके बाद पॉल स्टर्लिंग भी तैजुल की गेंद पर शॉर्ट लेग में कैच देकर आउट हुए। 20वें ओवर में हसन मुराद ने केड कार्माइकल (19) को LBW आउट कर आयरलैंड को 77/3 पर झटका दिया। टेक्टर का अर्धशतक
हैरी टेक्टर ने 3 विकेट के बाद बांग्लादेशी पारी को संभाला। उन्होंने तैजुल इस्लाम की बॉल पर तीन चौके लगाए और 78 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन ज्यादा देर नहीं टिक सके और 50 रन पर मुशफिकुर रहीम को कैच दे बैठे। इसके बाद खालिद अहमद ने पहली पारी में 75 रन बनाने वाले लोर्कन टकर को सिर्फ 7 रन पर आउट किया। इसके बाद आयरलैंड का स्कोर127/5 था। डोहेनी के तीन कैच ड्रॉप, फिर भी आउट
स्टीफन डोहेनी को बांग्लादेश ने तीन बार जीवनदान दिया। सबसे पहले 2 रन पर हसन मुराद ने डोहेनी का कैच छोड़ा। इसके बाद लिटन दास ने 13 और इबादत हसन ने 14 रन पर कैच छोड़ा। हालांकि डोहेनी इसका फायदा नहीं उठा सके और तैजुल ने उन्हें 15 रन पर आउट कर दिया। आयरलैंड की दूसरी पारी लड़खड़ाई
पॉल स्टर्लिंग ने शुरुआत में चौके लगाए, लेकिन जल्दी ही तैजुल की गेंद पर आउट हो गए। आयरलैंड की तरफ से हैरी टेक्टर ने 50 और कर्टिस कैंफर ने नाबाद 34 रन बनाए। बांग्लादेश से तैजुल ने 3 विकेट लिए। वहीं हसन मुराद को 2 विकेट मिला।