भारत चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम:टूर्नामेंट में 88 सिक्स भी लगाए, संजू ने कोहली की बराबरी की; रिकार्ड्स

भारत ने इंग्लैंड को हराकर चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। टीम इंडिया 4 वर्ल्ड टी-20 फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से मात दी। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में इस बार 88 छक्के भी पूरे कर लिए। टीम ने एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बना दिया। वहीं संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेलते हुए टी-20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय द्वारा सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली। पढ़िए IND Vs ENG मैच के टॉप रिकॉर्ड्स… 1. भारत चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भारत चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है, जो किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा है। इससे पहले भारतीय टीम 2007, 2014 और 2024 में फाइनल खेल चुकी थी। पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड ने 3-3 फाइनल खेले हैं। 2026 में फाइनल में पहुंचकर भारत ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टीम लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) फाइनल में जगह बनाने वाली तीसरी टीम भी बन गई। इससे पहले पाकिस्तान (2007, 2009) और श्रीलंका (2012, 2014) ही यह उपलब्धि हासिल कर सके थे। भारत ICC व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में लगातार चौथा फाइनल खेलेगा। टीम 2023 में वनडे वर्ल्ड कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल भी खेल चुकी है। 2. एक टी-20 वर्ल्ड कप मैच में सबसे ज्यादा सिक्स लगे भारत और इंग्लैंड ने मिलकर 34 छक्के लगाए, दोनों ने टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड बना दिया। इस रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे का मैच है। दोनों टीमों ने मिलकर तब 31 सिक्स लगाए थे। मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के मैच में चौकों की भी बारिश हुई। मुकाबले में कुल 73 बाउंड्री (39 चौके और 34 छक्के) लगे, जो टी-20 वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले इसी मैदान पर 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के मैच में 61 बाउंड्री लगी थीं। 3. भारत-इंग्लैंड मैच में 499 रन बने मुंबई में खेले गए भारत और इंग्लैंड के मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 499 रन बनाए, जो टी-20 इंटरनेशनल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल है। इस रिकॉर्ड में पहला स्थान 2023 में सेंचुरियन में खेले गए साउथ अफ्रीका-वेस्टइंडीज मैच (517 रन) का है। 4. भारत का टी-20 वर्ल्ड कप में दूसरा बेस्ट स्कोर भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना लिया। टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर रिकॉर्ड 256 रन है, जो टीम ने इसी वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में बनाया था। ओवरऑल टी-20 वर्ल्ड कप में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर रहा। श्रीलंका के नाम टी-20 वर्ल्ड कप में हाईएस्ट टोटल का रिकॉर्ड है, टीम ने केन्या के खिलाफ 2007 में 260 रन बनाए थे। 5. भारत एक टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाली टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में 88 सिक्स लगाए, जो किसी एक एडिशन में किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा हैं। इस रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज है, जिसने इसी साल 76 छक्के लगाए। तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका (72 सिक्स) रही। इससे पहले 2024 में वेस्टइंडीज ने 62 और भारत ने 61 छक्के लगाए थे। 6. भारत ने एक इनिंग में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने की बराबरी की भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में खेले गए मैच की एक पारी में 19 छक्के लगाकर टी-20 वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ सिलहट में 19 छक्के लगाए थे। 2026 में ही वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुंबई में 19 छक्के जड़े। इस रिकॉर्ड में भारत का जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में बनाया गया 17 सिक्स का प्रदर्शन भी शामिल है। 7. भारत ने छठी बार 250+ का स्कोर बनाया भारत टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 250 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई है। टीम ने अब तक 6 बार 250+ का स्कोर बनाया है। इस मामले में दूसरे नंबर पर आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) है, जिसने 5 बार यह आंकड़ा पार किया है। वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और इंग्लिश काउंटी टीम सरे ने 3-3 बार 250+ का स्कोर बनाया है। 8. संजू ने भारत के लिए एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा सिक्स लगाए संजू सैमसन ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 16 छक्के लगाकर एक एडिशन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय बनने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने रोहित शर्मा के 2024 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। तब रोहित ने 15 छक्के लगाए थे। 2026 में ही शिवम दुबे भी 15 सिक्स लगा चुके हैं। वहीं ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने 14-14 छक्के जड़े। युवराज सिंह ने 2007 वर्ल्ड कप में 12 सिक्स लगाए थे। 9. संजू ने कोहली की बराबरी की संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीयों में विराट कोहली की बराबरी पर पहुंच गए। संजू ने इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन बनाए। कोहली ने 2016 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन बनाए थे। इस रिकॉर्ड में विराट कोहली का दबदबा दिखता है। उन्होंने 2014 और 2024 के नॉकआउट मुकाबलों में भी बड़ी पारियां खेली थीं, जबकि 2007 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ गौतम गंभीर की 75 रन की पारी भी भारत की सबसे अहम नॉकआउट पारियों में शामिल है। 10. बेथेल का दूसरा सबसे तेज शतक इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 45 गेंदों में शतक लगाया। यह वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे तेज शतक रहा। इस रिकॉर्ड में पहला स्थान न्यूजीलैंड के फिन एलन के नाम है, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में महज 33 गेंद पर सेंचुरी लगा दी थी। तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था। गेल ने 2007 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 50 गेंदों में भी सेंचुरी बनाई थी। वहीं इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ पल्लेकले में 50 गेंद पर शतक जड़ा था। 11. बेथेल ने नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेली इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ मुंबई में 105 रन बनाकर टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली। इससे पहले न्यूजीलैंड के फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में ही 100 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान हैं, जिन्होंने 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 96* रन बनाए थे। भारत के विराट कोहली (89* रन) और संजू सैमसन (89 रन) भी इस रिकॉर्ड में शामिल हैं। 12. वरुण नॉकआउट में सबसे महंगे गेंदबाज भारत के वरुण चक्रवर्ती टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन खर्च किए। इस रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर हैं, जिन्होंने इसी मैच में भारत के खिलाफ 61 रन दिए। 13. जैक्स के नंबर-6 या उससे नीचे एक टी-20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के विल जैक्स नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए एक टी-20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 2026 वर्ल्ड कप में 226 रन बनाए और 2007 में पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक के 218 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ————————————— क्रिकेट का कीड़ा है तो सॉल्व कीजिए ये सुपर क्विज क्या आप खुद को क्रिकेट के सुपर फैन मानते हैं? पूरे T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के दौरान दैनिक भास्कर के खास गेम ‘SUPER ओवर’ में रोज क्रिकेट से जुड़े 6 सवाल आपका क्रिकेट ज्ञान परखेंगे। जितनी जल्दी सही जवाब देंगे उतने ज्यादा रन बनेंगे। जितने ज्यादा रन बनेंगे, लीडरबोर्ड में उतना ही ऊपर आएंगे। तो रोज खेलिए और टूर्नामेंट का टॉप स्कोरर बनिए। अभी खेलें SUPER ओवर…क्लिक करें ——————————————————- टी-20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड मुकाबले की मैच रिपोर्ट पढ़िए भारत चौथी बार टी-20 वर्ल्डकप फाइनल में; इंग्लैंड को 7 रन से हराया भारत ने चौथी बार टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम ने गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 7 रन से हराया। भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे। पढ़ें पूरी खबर