विश्व चैंपियन क्रांति गौड़ लौटीं घर, छतरपुर में जश्न:फलदान के दौरान भीड़ बेकाबू; क्रिकेटर क्रांति को धक्का लगा, लोगों ने निकाला

महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता क्रांति गौड़ शुक्रवार देर रात अपने गृहग्राम घुवारा पहुंचीं। गांव में दीपावली जैसा उत्सव दिखा। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूलों की बारिश के बीच परिवार ने तुलादान की परंपरा निभाकर स्वागत किया। छतरपुर के घुवारा नगर में फलदान कार्यक्रम के दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षा घेरा टूटने से क्रांति को धक्का लग गया। भीड़ में घिरीं तो स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर सुरक्षित उसे बाहर निकाला। लोगों में उत्साह इतना ज्यादा था कि कई बार पुलिस को भीड़ को हटाना पड़ा। इससे पहले शुक्रवार दोपहर को क्रांति गौड़ का खजुराहो एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद क्रांति कार की छत पर बैठकर अभिवादन करती रहीं। रास्तेभर फूल बरसे, भारत माता की जय के नारे लगे। घुवारा पहुंचने से पहले क्रांति चौपरिया सरकार मंदिर पहुंचीं। जहां हनुमानजी के समक्ष माथा टेका। ​​​​​​सीएम हाउस में क्रांति गौड़ का हुआ सम्मान
इससे पहले भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्रांति सिंह गौड़ को मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया। इस दौरान सीएम ने क्रांति के पिता मुन्ना सिंह की पुलिस विभाग में बहाली किए जाने की घोषणा की। छतरपुर में विश्व स्तरीय स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई। जनजातीय गौरव दिवस होगा सम्मान समारोह
सीएम ने बताया कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर जबलपुर में क्रांति के सम्मान में बड़ा समारोह होगा। सम्मान समारोह में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने क्रांति के माता-पिता और कोच राजीव बिल्थरे को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में युवा खिलाड़ियों ने क्रांति से विश्व कप की तैयारियों को लेकर चर्चा की। क्रांति का जगह-जगह स्वागत , देखिए तस्वीरें देखिए, सीएम हाउस की पांच तस्वीरें…