वैभव सूर्यवंशी ने 39 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा:लिस्ट-ए के सबसे युवा सेंचुरियन, ईशान ने 33 और साकिबुल ने 32 बॉल पर शतक लगाया

विजय हजारे ट्रॉफी का पहला दिन युवा बल्लेबाजों के नाम रहा। बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 36 गेंदों में शतक लगाया। इसी दिन बिहार के कप्तान साकिबुल गनी ने 32 गेंदों में, जबकि झारखंड की ओर से ईशान किशन ने 33 गेंदों पर शतक लगा दिया। 14 साल के वैभव लिस्ट-A क्रिकेट में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के जहूर इलाही का 39 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। जहूर इलाही ने 1986 में विल्स कप के दौरान पाकिस्तान ऑटोमोबाइल्स की ओर से खेलते हुए रेलवे के खिलाफ 15 साल 209 दिन की उम्र में शतक लगाया था। साकिबुल गनी ने 32 गेंदों में शतक जड़ा
भारतीय लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अब बिहार के कप्तान साकिबुल गनी के नाम हो गया है। साकिबुल ने सिर्फ 32 गेंदों में शतक लगा दिया। इस सूची में दूसरे स्थान पर अब ईशान किशन हैं, जिन्होंने झारखंड की ओर से कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक लगाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह के नाम था, जिन्होंने 2024 में पंजाब की तरफ से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 35 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी। वहीं, आज ही वैभव सूर्यवंशी ने भी अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में शतक जड़कर इस खास क्लब में अपनी जगह बना ली। भारतीय लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वालों की लिस्ट में यूसुफ पठान (40 गेंद, 2010), उर्विल पटेल (41 गेंद, 2023) और अभिषेक शर्मा (42 गेंद, 2021) भी शामिल हैं। वैभव ने 84 बॉल पर 190 रन बनाए
वैभव सूर्यवंशी ने बिहार के लिए विजय हजारे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप मैच में ऐतिहासिक पारी खेली। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रांची के JSCA ओवल ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में वैभव ने 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 84 गेंदों पर 190 रन बना दिए। बिहार टीम के उप-कप्तान वैभव ने इस पारी में 16 चौके और 15 छक्के जड़े। उन्होंने 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। वैभव ने सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस मामले में उन्होंने साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स और इंग्लैंड के जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया। बिहार ने 574 रन बनाए, लिस्ट-A का सबसे बड़ा स्कोर
अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले गए मैच में बिहार ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 574 रन बनाए, जो मेंस लिस्ट-A क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। लिस्ट-A क्रिकेट में यह सिर्फ दूसरी बार हुआ है जब किसी टीम ने 500 से ज्यादा रन बनाए हों। इससे पहले 2022 में तमिलनाडु क्रिकेट टीम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 505 रन बनाए थे। अब उसी टीम के खिलाफ बिहार ने 574 रन ठोककर उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया और नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बिहार की लिस्ट-A क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत
बिहार ने अरुणाचल प्रदेश को 397 रन से हराकर लिस्ट-A क्रिकेट में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2022-23 सीजन में तमिलनाडु क्रिकेट टीम के नाम था, जिसने अरुणाचल प्रदेश को 435 रन से हराया था। 575 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अरुणाचल प्रदेश की टीम 177 रन पर सिमट गई। लिस्ट-A क्रिकेट क्या होता है?
लिस्ट-A क्रिकेट में वनडे फॉर्मेट के मैच शामिल होते हैं। इसमें इंटरनेशनल वनडे के साथ-साथ डोमेस्टिक वनडे मुकाबले भी आते हैं। भारत में खेली जाने वाली विजय हजारे ट्रॉफी के सभी मैच डोमेस्टिक लिस्ट-A क्रिकेट का हिस्सा होते हैं। दोनों टीमों की प्लेइंग-11
बिहार: वैभव सूर्यवंशी, साकिबुल गनी (कप्तान), आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), मंगल महरौर, पीयूष सिंह, आकाश राज, बिपिन सौरभ, सूरज कश्यप, हिमांशु तिवारी, साबिर खान, बादल कनौजिया अरुणाचल प्रदेश: कामशा यांगफो (विकेटकीपर/कप्तान), सूर्यांश सिंह, तेची नेरी, तदाकमल्ला मोहित, नीलम ओबी, नबाम टेम्पोल, आदित्य वर्मा, धीरज एंटिन, तेची सानिया, मिबोम मोसु, तेची डोरिया