साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया:पहले टी-20 में 92 रन का टारगेट मिला था, डेब्यू कर रहे मोकोएना को 3 विकेट

साउथ अफ्रीका ने पहले टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया। इसके साथ प्रोटियाज टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया। 15 मार्च को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम के लिए सही साबित नहीं हुआ। कीवी टीम 14.3 ओवर में सिर्फ 91 रन पर ऑलआउट हो गई। इंटरनेशनल टी-20 में यह न्यूजीलैंड का 10वां सबसे छोटा स्कोर है। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 बढ़त हासिल कर ली। सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 मार्च को हैमिल्टन में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड की बैटिंग फेल
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 21 गेंदों पर 26 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर ने 19 गेंदों पर 15 रन, कोल मैकॉन्ची ने 11 गेंदों पर 15 रन और बेवॉन जैकब्स ने 7 गेंदों पर 10 रन की पारी खेली। हालांकि टीम के सात बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ी साझेदारी 7वें विकेट के लिए हुई, जब नीशम और मैकॉन्ची ने 17 गेंदों में 26 रन जोड़े। डेब्यूटेंट मोकोएना ने 3 विकेट लिए
साउथ अफ्रीका के लिए डेब्यू कर रहे नकोबानी मोकोएना ने 3.3 ओवर में 26 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं जेराल्ड कूट्जी और ओटनील बार्टमैन ने 3-3 ओवर में 2-2 विकेट झटके। स्पिनर केशव महाराज ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा डियान फॉरेस्टर ने 1 ओवर में सिर्फ 4 रन दिए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। 20 गेंद रहते टारगेट चेज किया
92 रन का टारगेट साउथ अफ्रीका ने 16.4 ओवर में हासिल कर लिया। कॉनर एस्टरहुइजन ने साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। वह नाबाद रहे। डियान फॉरेस्टर 16 रन बनाकर नॉट आउट रहे। न्यूजीलैंड के लिए 1-1 विकेट काइल जैमीसन, जकारी फाउल्केस और मिचेल सैंटनर ने लिए। दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे, टॉम लैथम (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, निक केली, बेवॉन जैक्बस, जेम्स नीशम, कोल मैकॉन्ची, मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जेमीसन, जकारी फॉल्कस, बेन सियर्स। साउथ अफ्रीका: कॉनर एस्टरहुइजन (विकेटकीपर), जॉर्डन हरमन, टोनी डी जॉर्जी, रुबिन हरमन, जेसन स्मिथ, डियान फॉरेस्टर, जॉर्ज लिंडे, जेराल्ड कूट्जी, केशव महाराज (कप्तान), नकोबानी मोकोएना, ओटनील बार्टमैन।