कप्तान शुभमन गिल कोलकाता के अस्पताल में भर्ती:आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेल रहे, गर्दन में ऐंठन के कारण पारी बीच में छोड़ी

भारतीय कप्तान शुभमन गिल को शनिवार शाम कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह ईडन गार्डन्स स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन (रविवार) मैदान पर नहीं उतरे। इस बारे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आधिकारिक जानकारी दी। BCCI ने बताया कि गिल फिलहाल अस्पताल में हैं और बाकी मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। उनकी अनुपस्थिति में ऋषभ पंत टीम की कप्तानी करेंगे। शनिवार को गिल को गर्दन में ऐंठन महसूस हुई, जिसके चलते उन्होंने अपनी पारी बीच में ही छोड़ दी थी और दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। चौके से खाता खोला, फिर गर्दन पकड़ ली कप्तान गिल वॉशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद 35वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। उन्होंने मैदान पर आते ही साइमन हार्मर के बॉल पर चौका लगाकर अपना खाता खोला, लेकिन तीसरे गेंद पर स्वीप खेलने के प्रयास में उनकी गर्दन में परेशानी हुई। इसके बाद फिजियो आए और गिल उनके साथ मैदान से बाहर चले गए। वे भारतीय पारी में महज 4 रन ही बना सके। उन्हें स्टेडियम से एक निजी अस्पताल में स्कैन के लिए ले जाया गया। इस दौरान उन्हें गर्दन में ब्रेस पहने हुए देखा गया। ईडन से निकलते समय उनके साथ टीम के डॉक्टर और संपर्क अधिकारी भी थे। शुभमन को लेकर BCCI ने दिया था अपडेट BCCI ने दोपहर में गिल का हेल्थ अपडेट दिया था। बोर्ड ने बताया था कि गिल की गर्दन में ऐंठन है और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। रविवार को उनके खेलने पर फैसला उनकी प्रगति के आधार पर लिया जाएगा। मोर्कल बोले- गिल फिट, अपना ख्याल रखते हैं
दिन के खेल के बाद भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने गिल की चोट को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मोर्कल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा- गिल बहुत फिट खिलाड़ी हैं, वह अपना बहुत अच्छे से ख्याल रखते हैं। आज सुबह वे गर्दन में अकड़न के साथ उठे और दिनभर उनकी यही स्थिति बनी रही। मोर्कल ने कहा- मैच के लिहाज से आज का दिन हमारे लिए बहुत अहम था। हमें गिल की बल्लेबाजी के साथ एक और साझेदारी की जरूरत थी, लेकिन आज की टाइमिंग खराब थी। ———————— भारत-साउथ अफ्रीका सीरीज से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कोलकाता टेस्ट- खराब रोशनी के कारण जल्दी स्टंप्स हुआ, साउथ अफ्रीका 63 रन से आगे, भारत 189 रन पर ऑलआउट साउथ अफ्रीका कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन भारत के खिलाफ 63 रन से आगे है। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शनिवार को भी खराब रोशनी के कारण जल्दी स्टंप्स कर दिया गया। आज 77 ओवर ही डाले जा सके, जबकि 13 ओवर बाकी रह गए। दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 93 रन बनाने में 7 विकेट गंवा दिए हैं। इससे पहले इंडिया ने पहली पारी में 9 विकेट पर 189 रन बनाए। पूरी खबर पढ़ें…