पाकिस्तानी कप्तान के घर डिनर करके श्रीलंकाई कप्तान-बॉलर बीमार:दोनों घर लौटेंगे; इस्लामाबाद में आत्मघाती हमले के बाद 8 प्लेयर्स ने खेलने से मना किया था

श्रीलंकाई टीम के दो खिलाड़ी रविवार को पाकिस्तानी कप्तान शाहीन अफरीदी के घर डिनर के बाद बीमार हो गए। इनमें कप्तान चरिथ असलंका और तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो शामिल हैं। दोनों श्रीलंका लौट रहे हैं। श्रीलंकाई बोर्ड ने बताया कि वे 18 नवंबर से शुरू होने वाली ट्राई सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। बोर्ड ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को सही इलाज दिया जाएगा, जिससे वह अगले टूर्नामेंट्स तक फिट हो सकें। असलंका की जगह अब दसुन शनाका कप्तान होंगे। फर्नांडो की जगह पवन रत्नायके को टी-20 टीम में शामिल किया गया है। विवादों में रहा है श्रीलंका का पाकिस्तान दौरा
श्रीलंका का पाकिस्तान दौरा लगातार विवादों में रहा है। 12 नवंबर को इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले के बाद कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने सुरक्षा को लेकर खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी और आसिफ मुनीर के सुरक्षा की जिम्मेदारी ली और श्रीलंकाई बोर्ड को दौरा जारी रखने के लिए मनाया। 13 नवंबर को पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने कहा था कि हमले के बाद जब श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने खेलने से मना किया, तो फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने श्रीलंका के शीर्ष अधिकारियों से बात की। उनके सुरक्षा आश्वासन के बाद ही श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड देर रात सीरीज खेलने के लिए राजी हुआ। 8 खिलाड़ियों ने इनकार किया था, वापसी की तैयारी भी थी
12 नवंबर को इस्लामाबाद में आत्मघाती हमले के बाद श्रीलंकाई टीम के 8 खिलाड़ियों ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा हुआ कि श्रीलंका टीम दौरा बीच में छोड़कर स्वदेश लौट गई है। हालांकि रातभर बातचीत के बाद श्रीलंकाई बोर्ड ने कहा कि जो खिलाड़ी वापस जाना चाहते हैं, वे लौट सकते हैं और उनकी जगह नए खिलाड़ियों को भेज दिया जाएगा। PCB ने ट्राई-सीरीज का शेड्यूल बदला था
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 13 नवंबर गुरुवार को श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 ट्राई-सीरीज के शेड्यूल में बदलाव किया था। पहले यह सीरीज आज (17 नवंबर) से शुरू होनी थी। जोकि नए कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर से शुरू होगी। इसका दूसरा मैच भी एक दिन बाद 20 नवंबर को खेला जाएगा। ——————————————————- श्रीलंका के पाकिस्तान दौरे की यह खबर भी पढ़िए… पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3 वनडे की सीरीज में क्लीन स्वीप किया पाकिस्तान ने रावलपिंडी में खेले गए तीसरे वनडे में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। पाकिस्तान ने पहला मुकाबला 6 रन से और दूसरा मैच 8 विकेट से जीता था। तीसरे मुकाबले में श्रीलंका ने 212 रन का लक्ष्य रखा, जिसे पाकिस्तान ने फखर जमान और मोहम्मद रिजवान के अर्धशतकों की मदद से 5.2 ओवर रहते हासिल कर लिया। पढ़ें पूरी खबर