पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका को हराया:बाबर आजम ने चौका मारकर जिताया; शाहीन-नवाज को 3-3 विकेट

पाकिस्तान ने अपनी मेजबानी वाली ट्राई सीरीज जीत ली है। टीम ने शनिवार को फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया। पाकिस्तानी टीम ने 115 रन का टारगेट 18.3 ओवर में 4 विकेट पर हासिल कर लिया। बाबर आजम ने चौका मारकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 34 बॉल पर नाबाद 37 रन बनाए। ओपनर सईम अयूब ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। रावलपिंडी में कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। टीम के गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित किया और श्रीलंकाई टीम को 19.1 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट कर दिया। कामिल मिसारा ने 59 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद नवाज ने 3-3 विकेट झटके। अबरार अहमद को 2 विकेट मिले। मोहम्मद नवाज प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। खास बातें पथुम निसंका जल्दी आउट, शाहीन ने बोल्ड किया
टॉस हारकर बल्लेबाजी कर रही श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने 20 रन पर पहला विकेट गंवा दिया था। तीसरे ओवर की चौथी बॉल पर पथुम निसंका 11 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें शाहीन शाह अफरीदी ने बोल्ड कर दिया। मेंडिस और मिशारा के बीच फिफ्टी पार्टनरशिप
20 रन पर पर पहला विकेट गंवाने के बाद ओपनर कामिल मिशारा ने कुसल मेंडिस के साथ फिफ्टी पार्टनरशिप करके पारी को संभाला। 84 रन पर मोहम्मद नवाज ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने कुसल मेंडिस को बाबर आजम के हाथों कैच कराया। मेंडिस के आउट होने के बाद कामिल मिशारा भी 59 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका ने 16 रन बनाने में गंवाए आखिरी 8 विकेट
मिशारा के आउट होने के बाद टीम को ऑलआउट होने में टाइम नहीं लगा। एक समय टीम का स्कोर 98/2 था। उसके बाद पूरी टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। पाकिस्तानी ओपनर्स ने मजबूत शुरुआत दिलाई
115 रन का टारगेट चेज करने उतरे पाकिस्तानी ओपनर्स ने अपनी टीम को मजबूज शुरुआत दिलाई। साहिबजादा फरहान (23 रन) और सईम अयुब (36 रन) की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को ईशान मलिंगा ने तोड़ा। उन्होंने साहिबजादा फरहान को बोल्ड कर दिया। वहीं, सईम अयूब को वानिंदू हसरंगा ने LBW किया। बाबर आजम ने चौका मारकर जिताया
सईम अयूब के आउट होने के बाद बाबर ने सलमान अली आगा के साथ 23 रन की साझेदारी करके टीम 100 के करीब पहुंचाया, लेकिन 98 रन के टीम स्कोर पर सलमान आगा 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वे 16वें ओवर में पवन रत्नायके की बॉल पर DRS लेकर LBW होने से बचे, लेकिन अगली ही बॉल पर दसुन शनाका को कैच थमा बैठे। फखर जमान भी 3 रन बना सके। ऐसे में बाबर ने 19वां ओवर डाल रहे दुष्मंथा चमीरा की चौथी बॉल पर चौका लगाया और टीम को जीत दिला दी। वे 34 बॉल पर नाबाद 37 रन पर नाबाद लौटे। ——————————————————– क्रिकेट की यह खबर भी पढ़िए… RCB के पूर्व-कप्तान ने पाकिस्तानी लीग के लिए IPL छोड़ा RCB के कप्तान रहे साउथ अफ्रीकी प्लेयर फाफ डु-प्लेसिस ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) खेलने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2026 सीजन से किनारा कर दिया है। उन्होंने शनिवार को पोस्ट के जरिए बताया कि वह 16 दिसंबर को अबुधाबी में होने वाले मिनी ऑक्शन में हिस्सा नहीं लेंगे। पढ़ें पूरी खबर