बांग्लादेश ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन 4 विकेट खोकर 292 रन बना लिए हैं। मुशफिकुर रहीम अपने 100वें टेस्ट में 99 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं। अगर दूसरे दिन मुशफिकुर शतक पूरा करते हैं, तो वे 100वें टेस्ट में सेंचुरी लगाने वाले दुनिया के 11वें बल्लेबाज बन जाएंगे। बुधवार को शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम से मुशफिकुर के अलावा मोमिनुल हक (63) ने भी अर्धशतक लगाया। लिटन दास 47 रन बनाकर खेल रहे हैं। आयरलैंड की ओर से एंडी मैकब्राइन ने 82 रन देकर 4 विकेट लिए। मुशफिकुर बांग्लादेश के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले पहले प्लेयर
मैच की सुबह टॉस से पहले मुशफिकुर को सम्मान दिया गया। उनका परिवार और कई पूर्व बांग्लादेश कप्तान स्टेडियम में मौजूद थे। जब वे बैटिंग करने उतरे तब टीम का स्कोर 95 रन पर 3 विकेट था। क्रीज पर आते ही उन्होंने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की। पहले 67 गेंदों तक उन्होंने आराम से बैटिंग की। उन्होंने तीसरे सेशन की पहली ही गेंद पर फिफ्टी पूरी कर ली। वे 90 के पार भी बिना दबाव के पहुंच गए और दिन के आखिरी ओवर में शतक से तीन रन दूर थे। उन्होंने 2 रन बनाए और 99 रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश की अच्छी शुरुआत
बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की थी। ओपनर्स शादमान इस्लाम (35) और महमूदुल हसन जॉय (34) ने 52 रन जोड़कर ओपनिंग साझेदारी निभाई। इसके बाद आयरिश बॉलर एंडी मैकब्राइन ने लगातार विकेट झटके। उन्होंने शादमान को LBW किया। जॉय को कैच आउट कराया। फिर कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (8 रन) को भी बोल्ड कर दिया। इस समय बांग्लादेश का स्कोर 52/0 से 95/3 हो गया था। मोमिनुल-मशफिकुर की बड़ी साझेदारी
तीसरा विकेट गिरने के बाद मोमिनुल और मशफिकुर ने टीम को संभाला।दोनों ने मिलकर 107 रन की साझेदारी की। मोमिनुल के दो कैच छूटे, लेकिन वे अंत में 63 रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच एंड्र्यू बलबार्नी ने पकड़ा।मोमिनुल के आउट होने के बाद लिटन दास क्रीज पर आए। उन्होंने मशफिकुर के साथ 90 रन की नाबाद साझेदारी की।