सूर्या-गंभीर वर्ल्डकप ट्रॉफी लेकर सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे:अभिषेक शर्मा ने वैष्णो देवी के दर्शन किए; हनुमान मंदिर जाने पर कीर्ति आजाद ने सवाल उठाया था

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर शनिवार को टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी के साथ मुंबई के श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने भगवान गणेश के दर्शन कर टीम की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। इससे पहले 8 मार्च को चैंपियन बनने के बाद उन्होंने ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद के हनुमान मंदिर में भी दर्शन किए थे। खिलाड़ियों के मंदिर जाने पर पूर्व क्रिकेटर और TMC सांसद कीर्ति आजाद ने सवाल भी उठाए थे। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा भी 13 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित प्रसिद्ध वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे और माता रानी के दर्शन करके आशीर्वाद लिया। अभिषेक ने वैष्णों देवी यात्रा की फोटोज पोस्ट कीं
टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक ने अपनी यात्रा की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं और कैप्शन लिखा- जय माता दी। फोटोज में वे सफेद कुर्ता-पायजामा पहने, माथे पर तिलक लगाए और हाथ जोड़कर दर्शन करते नजर आए। फाइनल में 52 रन की पारी खेली
अभिषेक ने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल से पहले के मैचों में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और लगातार 3 बार शून्य पर आउट हुए। हालांकि खिताबी मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में उन्होंने महज 21 गेंदों में 52 रन की पारी खेली। भारत तीसरी बार चैंपियन बना
8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेला गया था। इसमें भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन के अंतर से हराया और अपना टाइटल डिफेंड किया था। टीम इंडिया ने तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीता था। कप्तान सूर्या जीत के बाद हनुमान मंदिर पहुंचे
वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव 8 मार्च की देर रात ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ ICC चेयरमैन जय शाह और टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी मौजूद रहे। कीर्ति आजाद ने कहा था- टीम को शर्म आनी चाहिए
पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने ट्रॉफी को मंदिर में ले जाने की आलोचना की थी। 1983 में वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद ने कहा था कि जीतने वाली टीम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी थे लेकिन ट्रॉफी मंदिर ले जाई गई। इंडियन टीम को इस पर शर्म आनी चाहिए। गंभीर का जवाब- ऐसी बातों को उठाने का कोई मतलब नहीं
कीर्ति आजाद के सवाल पर हेड कोच गौतम गंभीर ने ANI के पॉडकास्ट में कहा था कि यह पूरे देश के लिए गर्व का पल है और वर्ल्ड कप जीत का जश्न मनाया जाना चाहिए। ऐसी बातों को उठाने का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि इससे खिलाड़ियों की उपलब्धि कमजोर होती है। गंभीर ने कहा था- अगर हर बयान को गंभीरता से लिया जाएगा तो इससे टीम के 15 खिलाड़ियों की मेहनत और कामयाबी का सम्मान कम हो जाएगा। ईशान ने कहा था- कुछ अच्छा सवाल करिए
ईशान किशन से एयरपोर्ट पर कीर्ति आजाद के कमेंट को लेकर सवाल किया गया था, जिस पर उन्होंने कहा, इतना अच्छा वर्ल्ड कप जीते। अच्छे सवाल आप लोग करिएगा, या कीर्ति आजाद क्या बोले? इस पर मैं क्या बोलूं? कुछ अच्छा सवाल करिए। ——————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… दूसरा वनडे- पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 128 रन से हराया पाकिस्तान ने वनडे सीरीज के दूसरे मैच में बांग्लादेश को 128 रन से हराया दिया है। इस जीत से टीम ने 3 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है। तीसरा और निर्णायक मुकाबला 15 मार्च को मीरपुर में खेला जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…