हरियाणा की सुरुचि ने शूटिंग वर्ल्ड कप जीता:पॉइंट्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया; चंडीगढ़ की संयम को सिल्वर मेडल, मनु भाकर 5वें स्थान पर रहीं

दोहा ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप में हरियाणा की सुरुचि फोगाट ने गोल्ड मेडल जीत लिया। इसके साथ ही सुरुचि ने पॉइंट्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है। वहीं, इस प्रतियोगिता में चंडीगढ़ की संयम दूसरे नंबर पर रही, उन्होंने सिल्वर मेडल जीता है। जबकि मुकाबले में 2 बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर हार गईं। मनु प्रतियोगिता में पांचवें नंबर पर रहीं। गोल्ड मेडल जीतने के बाद सुरुचि ने कहा, ये मेरा पहला वर्ल्ड कप फाइनल एक्सपीरियंस है। मैंने जो सोचा था, उसी हिसाब से रिजल्ट रहा। मुझे वर्ल्ड रिकॉर्ड के बारे में ध्यान नहीं था, बस रिजल्ट पर फोकस रखा। मैंने स्कोर की तरफ नहीं देखा। मेडल जीतने पर ही ध्यान था। पहलवानी से शूटिंग की ओर
सुरुचि का जन्म 28 अप्रैल 2006 को झज्जर के सासरोली गांव में हुआ। पिता इंदर सिंह फोगाट आर्मी से रिटायर्ड हैं, वे चाहते थे कि उनकी बेटी पहलवानी करे, लेकिन 13 साल की उम्र में हुए कंधे के फ्रैक्चर ने उनकी दिशा बदल दी। यहीं से उन्होंने निशानेबाजी को अपनाया और गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी भिवानी में कोच सुरेश सिंह के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग शुरू की। कुश्ती के दौरान टूटी थी गले की हड्‌डी
इन्द्र सिंह फोगाट ने बताया कि जब सुरुचि का जन्म हुआ, तब कुछ दिन पहले ही डेप्थ ओलिंपिक में गांव के वीरेंद्र उर्फ गूंगा पहलवान गोल्ड मेडल जीतकर लौटे थे। तभी मन में ठान लिया कि बेटी को अच्छी पहलवान बनाना है। उन्होंने बताया कि वह 2019 में आर्मी से हवलदार से रिटायर हो गए। उस समय बेटी 12 साल की थी और आते ही बेटी सुरुचि को पहलवानी के लिए गांव के ही अखाड़े में ले जाने लगे। बेटी को पहलवानी करते 5 महीने ही गुजरे थे कि एक कुश्ती में उनकी गले की हड्डी टूट गई।