3 साल से कोर्ट से दूर साइना नेहवाल का संन्यास:बोलीं- घुटने की समस्या से परेशान थी; आखिरी बार 2023 में सिंगापुर ओपन में खेली थीं

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया कि घुटने के दर्द के कारण अब उनके लिए खेलना संभव नहीं रह गया है। साइना आखिरी बार जून 2023 में सिंगापुर ओपन में खेली थीं। 35 वर्ष की साइना ने एक पॉडकास्ट में कहा, ‘मैंने दो साल पहले ही खेलना बंद कर दिया था। मैंने अपनी शर्तों पर खेलना शुरू किया और अपनी शर्तों पर ही छोड़ा। इसलिए मुझे घोषणा जरूरी नहीं लगी।’ ओलिंपिक मेडल जीतने वाली भारत की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी
पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 साइना ने लंदन ओलिंपिक-2012 में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था। वे ओलिंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। उन्होंने 3 ओलिंपिक गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया। कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड जीत चुकीं
साइना ने 2008 में बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप जीतकर पहली बार सुर्खियां बटोरी थीं। वे 2009 में BWF सुपर सीरीज प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। इसके बाद 2010 और 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीते। गठिया और घुटनों की समस्या संन्यास की वजह बनी
साइना के मुताबिक उनके घुटनों का कार्टिलेज पूरी तरह घिस चुका है और उन्हें आर्थराइटिस हो गया है। उन्होंने कहा, ‘जब आप खेल ही नहीं पा रहे तो वहीं रुक जाना चाहिए। मैं पहले दिन में 8–9 घंटे ट्रेनिंग करती थी, लेकिन अब मेरे घुटने 1-2 घंटे में ही जवाब दे देते हैं। इसके बाद सूजन आ जाती है। इसलिए मैंने सोचा कि अब बहुत हो गया। मैं अब अपना करियर और नहीं खींच सकती। ओलिंपिक 2016 के दौरान लगी थी चोट
साइना का करियर रियो ओलिंपिक 2016 के दौरान लगी घुटने की चोट से काफी प्रभावित हुआ। हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने 2017 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज और कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में गोल्ड मेडल जीतकर शानदार वापसी की।
2024 में माना- शीर्ष स्तर पर खेलना असंभव हुआ
साइना के घुटने की समस्या बार-बार उभरती रही। उन्होंने 2024 में पहली बार बताया था कि वे आर्थराइटिस से परेशान हैं। कार्टिलेज पूरी तरह घिस चुका है, जिससे शीर्ष स्तर पर खेलना लगभग असंभव हो गया है। अर्जुन अवॉर्ड और खेल रत्न पुरस्कार मिला
साइना को 2009 में अर्जुन अवॉर्ड और 2010 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने 2015 में वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में टॉप पोजिशन भी हासिल की। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी थीं। ————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… WPL में आज MI Vs DC:मुंबई पिछले अपने दोनों मैच हारी, दिल्ली को अब तक सिर्फ एक जीत मिली इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। पिछले मुकाबले में MI ने DC को 50 रन से हराया था। मुंबई ने अब तक 5 में से 2 मैच जीते, और 3 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। वहीं, दिल्ली ने 4 में से केलव 1 मैच जीता है और टीम पांचवें यानी आखिरी स्थान पर हुई है। पूरी खबर