IPL ऑक्शन में 77 प्लेयर्स पर ₹215 करोड़ खर्च:ग्रीन सबसे महंगे; अनकैप्ड प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर CSK ने ₹28 करोड़ खर्च किए

IPL 2026 के लिए मिनी ऑक्शन मंगलवार को अबू धाबी में हुआ। इसमें 156 खिलाड़ियों पर बोली लगी। 10 टीमों ने 215.45 करोड़ रुपए खर्च कर 77 खिलाड़ी खरीदे। इनमें 29 विदेशी और 48 भारतीय शामिल रहे। IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा। ग्रीन ने अपने ही हमवतन मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्हें 2024 में KKR ने 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में ऋषभ पंत 27 करोड़ रुपए के साथ पहले और श्रेयस अय्यर 26.75 करोड़ रुपए के साथ दूसरे नंबर पर हैं। KKR ने भले ही कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा, लेकिन ग्रीन को 18 करोड़ रुपए ही मिलेंगे। बाकी 7.20 करोड़ BCCI के वेलफेयर फंड में जमा किए जाएंगे। BCCI ने पिछले साल विदेशी खिलाड़ियों के लिए मिनी ऑक्शन में 18 करोड़ रुपए की ऊपरी सीमा तय की थी, ताकि ज्यादा मांग के नाम पर विदेशी खिलाड़ी अनुचित फायदा न उठा सकें। प्रशांत और कार्तिक सबसे महंगे अनकैप्ड इंडियन
इस ऑक्शन में युवा भारतीय खिलाड़ियों पर भी टीमों ने जमकर भरोसा जताया। 20 साल के प्रशांत वीर और 19 साल के कार्तिक शर्मा 14.20-14.20 करोड़ रुपए में बिके। दोनों को चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख की बेस प्राइस से करीब 47 गुना ज्यादा कीमत देकर खरीदा। CSK ने इन पर कुल 28.40 करोड़ खर्च किए। ये दोनों इस सीजन के सबसे महंगे भारतीय बने हैं। प्रशांत उत्तर प्रदेश से हैं, जबकि कार्तिक राजस्थान के रहने वाले हैं। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी डार को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा। KKR ने पथिराना-मुस्तफिजुर पर दांव लगाया
तेज गेंदबाजों के सेट में KKR ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। उसने श्रीलंका के मथीशा पथिराना (18 करोड़) और बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान (9.20 करोड़) को खरीदा। स्पिनर्स में रवि बिश्नोई को राजस्थान रॉयल्स ने 7.20 करोड़ रुपए में खरीदा। वहीं, वेंकटेश अय्यर को RCB ने 7 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा। 2024 के मेगा ऑक्शन में KKR ने वेंकटेश अय्यर पर 23.75 करोड़ रुपए खर्च किए थे। कॉन्वे, तीक्ष्णा और मुजीब अनसोल्ड रहे
2023 के प्लेयर ऑफ द फाइनल रहे डेवोन कॉन्वे, श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर महीश तीक्ष्णा और अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान पर किसी फ्रेंचाइजी ने रुचि नहीं दिखाई। उनका नाम दो बार ऑक्शन पूल में लाया गया। इसके बावजूद अनसोल्ड रहे। इनके अलावा, ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर-मैगर्क, वेस्टइंडीज के अल्जारी जोसेफ और साउथ अफ्रीका के जेराल्ड कूट्जी को भी किसी ने नहीं खरीदा। कैसी बनी आपकी IPL टीम, जानने के लिए क्लिक करें LIVE अपडेट्स देखने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…