विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के तीसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हरा दिया। शनिवार को डीवाय पाटिल स्टेडियम में दिल्ली ने बॉलिंग चुनी। मुंबई ने 195 रन बनाए। जवाब में कैपिटल्स 145 रन ही बना सकी। डिफेंडिंग चैंपियन MI से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 74 और नैट सिवर-ब्रंट ने 70 रन बनाए। दिल्ली से डेब्यू करने वालीं नंदनी शर्मा को 2 विकेट मिले। बैटिंग में टीम से शिनेल हेनरी ही फाइट दिखा सकीं, उन्होंने 33 गेंद पर 56 रन बनाए। मुंबई से निकोला कैरी और अमीलिया केर ने 3-3 विकेट लिए। नैट सिवर ब्रंट के हाथ 2 विकेट लगे। वहीं शबनिम इस्माइल और संस्कृति गुप्ता ने 1-1 विकेट लिया। यह मुंबई की पहली जीत रही, टीम को पहले मुकाबले में बेंगलुरु से हार मिली थी। वहीं दिल्ली ने अपना ओपनिंग मुकाबला ही गंवा दिया। टीम रविवार को गुजरात से भिड़ेगी। प्लेइंग-11 मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमीलिया कर, जी कमलिनी (विकेटकीपर), नैट सिवर-ब्रंट, निकोला कैरी, सजीवन सजना, अमनजोत कौर, पूनम खेमनार, संस्कृति गुप्ता, शबनिम इस्माइल, त्रिवेणी वशिष्ठ। दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रॉड्रिग्ज (कप्तान), शेफाली वर्मा, लौरा वोलवार्ट, लिजेल ली, मारिजान कैप, निकी प्रसाद, शिनेल हेनरी, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, एन श्री चरणी, नंदनी शर्मा।