विमेंस प्रीमियर लीग के आज खेले गए पहले मुकाबले में यूपी वारियर्ज ने मुंबई इंडियंस को 22 रन से हरा दिया। यह यूपी की इस सीजन में 5 मैचों में दूसरी जीत रही, जबकि मुंबई को अपने पांचवें मैच में दूसरी हार का सामना करना पड़ा। नवी मुंबई के डी वाई पाटील स्टेडियम में टॉस जीतकर मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वारियर्ज ने कप्तान मेग लैनिंग और फीबी लिचफील्ड की शानदार फिफ्टियों की बदौलत 20 ओवर में 8 विकेट पर 187 रन बनाए। मुंबई की ओर से लेग स्पिनर अमीलीया कर सबसे सफल गेंदबाज रहीं और उन्होंने 3 विकेट झटके। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 165 रन ही बना सकी। टीम के लिए अमीलीया कर ने नाबाद 49 रन बनाए, जबकि अमनजोत कौर ने 41 रन की अहम पारी खेली, लेकिन दोनों टीम को जीत नहीं दिला सकीं। यूपी की ओर से शिखा पांडे ने 2 विकेट लिए। लैनिंग-लिचफील्ड ने 119 रन जोड़े यूपी की पारी में 5 रन पर ओपनर किरण नवगिरे का विकेट गिरने के बाद कप्तान मेग लैनिंग और फीबी लिचफील्ड ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 74 गेंदों में 119 रन की अहम साझेदारी की। इस दौरान लैनिंग ने 45 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 155.56 रहा। इसके बाद फीबी लिचफील्ड ने भी 37 गेंदों पर 61 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 164.86 रहा। मिडिल ऑर्डर में हरलीन देओल ने 16 गेंदों पर 25 रन और क्लो ट्रायोन ने 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि दीप्ति शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गईं। कर के नाम 3 विकेट मुंबई की गेंदबाजी में अमीलीया कर ने हरलीन देओल, सोफी एकलस्टन और दीप्ति शर्मा को आउट कर 3 विकेट लिए। नैट सिवर ब्रंट को 2 विकेट मिले, जबकि निकोला कैरी, अमनजोत कौर और हैली मैथ्यूज को एक-एक सफलता मिली। MI की खराब शुरुआत लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत लड़खड़ाई। पहली बार ओपनिंग कर रहीं सजीवन सजना 10 रन बनाकर आउट हुईं। हैली मैथ्यूज ने 13 रन बनाए, जबकि नैट सिवर ब्रंट 15 और कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 रन ही जोड़ सकीं। निकोला कैरी भी सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। अमनजोत-अमिलीया की पारी बेकार गई 5 विकेट गिरने के बाद अमनजोत कौर और अमीलीया कर ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने 45 गेंदों में 83 रन की साझेदारी जरूर की, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं। अमीलीया कर 49 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि अमनजोत कौर 41 रन बनाकर आउट हुईं। शिखा पांडे को 2 विकेट यूपी वारियर्ज की ओर से अनुभवी शिखा पांडे ने 2 विकेट लिए। उनके अलावा क्रांति गौड़, सोफी एकलस्टन, दीप्ति शर्मा और क्लो ट्रायोन को एक-एक विकेट मिला। शानदार टीम प्रदर्शन के दम पर यूपी ने यह मुकाबला अपने नाम किया।