उन्नाव के राहुल सप्रू स्टेडियम में बुधवार शाम अंडर-13 क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले से एक अंपायर की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य अंपायर और कई बच्चे भी घायल हुए हैं। मृतक अंपायर की पहचान कानपुर के फीलखाना निवासी 52 वर्षीय मानिक गुप्ता के रूप में हुई है। वे कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े थे और मैच में अंपायरिंग कर रहे थे। यह मुकाबला शुक्लागंज के राहुल सप्रू स्टेडियम में एचए एकेडमी और एसबीएस एकेडमी के बीच खेला जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मैच के दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड मैदान पर आ गया और खिलाड़ियों व अंपायरों पर हमला कर दिया। मानिक गुप्ता मधुमक्खियों के गंभीर हमले की चपेट में आ गए, जिससे उनके शरीर पर कई जगह डंक लगे।
घटना के तुरंत बाद, मानिक गुप्ता को कानपुर के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, हैलट अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में शुक्लागंज के एक अन्य अंपायर सुनील निषाद भी घायल हुए हैं। कई बच्चे भी मधुमक्खियों के डंक से प्रभावित हुए, लेकिन सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद मैच तत्काल रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार, मैदान परिसर में पहले से मधुमक्खियों का एक छत्ता था, जिसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। मानिक गुप्ता के निधन पर खिलाड़ियों, कोचों और क्रिकेट संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने दुख व्यक्त किया है।