‘अखिलेश का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं’:लखनऊ में केशव बोले- बिहार चुनाव के बाद से गायब हैं, इलाज की जरूरत

‘अखिलेश यादव जब से बिहार चुनाव हार के आए हैं, उनका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है। मैं नीरज सिंह (राजनाथ सिंह के बेटे) से कहूंगा कि उनको यहां बुलाकर उनका इलाज करवा दें। अयोध्या वाली सीट जीतने के बाद लगातार कहते थे कि अवध में हराए हैं तो मगध में भी हराएंगे। एक बार हमको वो पटना एयरपोर्ट पर मिल गए। मुझसे कहा कि लड्डू कब खिलाएंगे तो हमने कहा था कि एक बार 14 तारीख आ जाने दीजिए। हम नीतीश के सरकार में लड्डू खिलाएंगे, तब से उनका पता नहीं चल रहा है।’ डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने लखनऊ के अटल स्वास्थ्य मेले में ये बातें कहीं। दरअसल, बिहार चुनाव के दौरान अखिलेश-केशव की 4 नवंबर पटना एयरपोर्ट पर मुलाकात हुई थी। इस दौरान दोनों नेता हंसते-बतियाते दिखे थे। डिप्टी सीएम ने मंच से ही डीएम को फोन किया। कहा, ‘अटल स्वास्थ्य मेले में आए जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटें।’ विकास नगर के मिनी स्टेडियम में आज से शुरू हुआ अटल स्वास्थ्य मेला कल तक चलेगा। इसमें लोगों का फ्री में इलाज किया जा रहा है। खबर में आगे बढ़ने से पहले पोल पर अपनी राय दें… केशव और अखिलेश की राजनैतिक तकरार पुरानी विधानसभा में योगी ने याद दिलाई थी मर्यादा
वैसे केशव और अखिलेश की राजनैतिक तकरार जग-जाहिर है। दोनों नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। दोनों ही OBC वर्ग से हैं। विपक्ष का नेता रहते अखिलेश और केशव में विधानसभा में कई बार वाक युद्ध हो चुका है। बात 25 मई, 2025 की है। अखिलेश यादव ने विधानसभा में केशव मौर्य पर तंज कसते हुए कहा, जनता ने इन्हें हराकर इनकी गर्मी निकाल दी है। यह पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे हैं। लेकिन ये भूल गए कि उनके जिला मुख्यालय की सड़क किसने बनाई? बताएं, फोर लेन किसने बनाई? यह बात केशव को बुरी लगी। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, आप भी 400 सीट का दावा कर रहे थे, आप खुद 100 सीट ही जीत पाए हैं। आपका अभी कोई भविष्य नहीं है, लेकिन आप कह रहे हैं कि सड़क किसने बनवाई, एक्सप्रेसवे किसने बनवाया, मेट्रो किसने बनवाई है, ऐसा लगता है कि सैफई बेचकर बनवाया है। इस अखिलेश यादव भड़क गए। उन्होंने कहा, तुम अपने घर या पिताजी से पैसा लेकर आते हो बनाने के लिए? राशन बांटा तो क्या पिताजी के पैसे से बांटा? इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। सीएम योगी अपनी सीट से खड़े हुए। उन्होंने सभी को मर्यादा में रहने की नसीहत दी। केशव ही अखिलेश के निशाने पर सबसे ज्यादा क्यों?
डिप्टी सीएम केशव मौर्य समाजवादी पार्टी को हमेशा समाप्तवादी पार्टी कहते रहते हैं। अखिलेश भी तंज में उन्हें स्टूल मंत्री कहते हैं। हाल ही में केशव प्रसाद मौर्य के अयोध्या दीपोत्सव में नहीं जाने पर अखिलेश ने तंज कसा था कि जिन्हें जगह नहीं मिली अखबार में उनकी क्या हैसियत है सरकार में। केशव प्रसाद मौर्य को लेकर अखिलेश अधिक हमलावर रहते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह दोनों के पिछड़े वर्ग से होने का है। पीडीए के फार्मूले पर अखिलेश यूपी की सत्ता में वापसी की प्लानिंग में हैं। इसी पीडीए के पी तो केशव मौर्य भी है। स्वास्थ्य मेले से जुड़े पल-पल अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…