अखिलेश के करीबी का 4 करोड़ का मकान कुर्क:डिप्टी SP हत्याकांड में बरी हुआ था गुलशन यादव, प्रयागराज पहुंची प्रतापगढ़ पुलिस

प्रयागराज में अखिलेश यादव के करीबी गुलशन यादव पर बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने कर्नलगंज के मोतीलाल नेहरू रोड स्थित उसके 4 करोड़ के मकान को कुर्क कर दिया। यह कार्रवाई थाना कुंडा में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई। यह मकान गुलशन यादव और उसकी पत्नी सीमा के नाम पर संयुक्त रूप से है। प्रतापगढ़ पुलिस बुधवार शाम फोर्स के साथ गुलशन यादव के मकान पर पहुंची। इसके बाद डुगडुगी बजवाकर मकान कुर्की की कार्रवाई की गई। बोर्ड लगवाकर नोटिस भी चस्पा किया गया। पुलिस की जांच के मुताबिक, गुलशन यादव ने इस मकान को अपराध की कमाई से बनवाया है। 3 तस्वीरें देखिए… एक लाख का इनामी है गुलशन यादव गुलशन यादव पर पुलिस ने एक लाख का इनाम रखा है। पुलिस ने उसकी अवैध कमाई से अर्जित मानी जा रही संपत्ति की जांच रिपोर्ट शासन को भेजी थी। इसमें सामने आया कि प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू रोड स्थित गुलशन यादव का मकान अपराध की कमाई से खरीदा गया है। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट ने 4 करोड़ 10 लाख रुपए संपत्ति को कुर्क करने का आदेश जारी किया। मकान कुर्क की कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने कुर्की से पहले क्षेत्र में डुगडुगी बजवा कर मुनादी कराई। इसके बाद बोर्ड लगवाकर नोटिस चस्पा किया। इस नोटिस में लिखा है कि कुर्क की गई संपत्ति पर अतिक्रमण करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लालगंज सीओ आशुतोष मिश्रा ने बताया- प्रतापगढ़ और प्रयागराज पुलिस और राजस्व टीम की संयुक्त कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त गुलशन यादव और उनकी पत्नी सीमा यादव की लगभग ₹4.10 करोड़ की संपत्तियां कुर्क की गई है। अभियुक्त के खिलाफ अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है। अब गुलशन यादव के बारे में पढ़िए गुलशन यादव प्रतापगढ़ की राजनीति में एक समय बेहद प्रभावशाली चेहरा रहा है। वह प्रतापगढ़ में सपा का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष है। उसे अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। कई गंभीर मामलों में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया था। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी गुलशन यादव लगभग 10 साल से अधिक समय से सपा से जुड़े हुए हैं। उन्हें सपा प्रमुख अखिलेश यादव के करीब नेताओं के रूप में जाना जाता है। अक्सर अखिलेश यादव के साथ उनकी तस्वीरें सामने आती रहती हैं। वे वर्तमान में प्रतापगढ़ में सपा के जिला कार्यवाहक अध्यक्ष पद पर हैं। 53 आपराधिक मुकदमे दर्ज
गुलशन यादव के खिलाफ प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों में कुल 53 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से कुंडा में 22, मानिकपुर में 22, थाना कोतवाली नगर में 04, थाना हथिगवां में 02 और थाना जेठवारा, संग्रामगढ़ और सोरांव में 1-1 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें हत्या के 02 मुकदमे हैं, जो क्रमश: 2003 और वर्ष 2013 में दर्ज हुए। वहीं हत्या के प्रयास के 4 मुकदमे क्रमश: 2010, 14, 19 और 23 में दर्ज किए गए। सीओ जिआउल हत्याकांड में बरी हुए
प्रतापगढ़ में 2013 में हुए सीओ जियाउल हक हत्याकांड में भी गुलशन यादव का नाम सामने आया था। 11 साल पहले 2 मार्च, 2013 को कुंडा में CO जियाउल हक की लाठी-डंडों से पीटने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और तत्कालीन ग्राम प्रधान गुलशन यादव पर हत्या का आरोप लगा था। इस मामले में कोर्ट ने 5 अक्टूबर को 10 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। राजा भैया और गुलशन यादव को कोर्ट ने क्लीनचिट दे दी थी। 14 महीने पहले गुलशन और उनके भाई पर FIR
14 महीने पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के बुलाकीपुर गांव निवासी अर्जुन पुत्र रामलखन ने गुलशन यादव और तत्कालीन सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव सहित अन्य के खिलाफ एससी/एसटी, जान से मारने के प्रयास, अपहरण समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। गुलशन यादव पर आरोप था कि एक मुकदमे में गवाही से रोकने के लिए उसने पीड़ित को धारदार हथियार के बल पर अगवा करने और जान से मारने का प्रयास किया था। जेल में बंद अपने भाई छविनाथ से फोन पर धमकी भी दिलवाई थी। —————————— ये खबर भी पढ़ें… सपा नेता गुलशन यादव पर 50 हजार का इनाम घोषित:53 मुकदमों में वांछित, 7 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई जारी
प्रतापगढ़ में सपा नेता गुलशन यादव पर पुलिस ने र 50 हजार का इनाम घोषित किया। आईजी जोन प्रयागराज अजय मिश्रा ने इनाम राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी है। गुलशन यादव कुर्क बाग का आम बेचने के मामले में फरार चल रहा है। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर जैसे 53 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर…