अखिलेश यादव बोले, सरकार चुनाव आयोग से करा रही NRC:भाजपा ने फर्जी वोट बनवाए तो PDA प्रहरी कराएंगे FIR

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि हम लोग पहले दिन से कह रहे है कि मतदाता सूची को लेकर जो प्रक्रिया अपनाया जा रहा है वह एसआईआर नहीं एनआरसी है। जो एनआरसी गृह मंत्रालय को करवाना था उसे सरकार चुनाव आयोग से करा रही है। पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इन्होंने कई लोगों की नागरिकता को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को काम करना था कि एसआईआर के माध्यम से किसी का वोट कटे नहीं, लेकिन यह एसआईआर वोट काटने के लिए हो रहा है। आयोग पर लगाया भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप चुनाव आयोग की जिम्मेदारी थी कि किसी का वोट नहीं छूटे लेकिन भाजपा के दबाव में चुनाव आयोग ऐसा कर रहा है कि ज्यादा से ज्यादा वोट कट जाये। जब ज्यादा वोट कटने की बात सामने आयी तब मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका चार करोड़ वोट कट गया। मुख्यमंत्री को कैसे पता था कि चार करोड़ वोट कटने जा रहे हैं? अखिलेश ने कहा कि एसआईआर की जो सूची आयी है उसमें करीब तीन करोड़ वोट कट गये हैं। इसका मतलब एक करोड़ वोट भाजपा के लोगों ने बढ़ा लिये। ये जो वोट बढ़ाये हैं, वो किसके वोट बढ़ाये हैं? अखिलेश ने कहा कि अब एसआईआर की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हो गयी है। ये सूची बूथ स्तर तक पहुंचेगी। मेरी जनता और मतदाताओं से अपील है कि अपना वोट देखें। वोट बनवाएं। भाजपा के झूठे नैरेटिव में न फंसे। भाजपा अभी तक एसआईआर के माध्यम से सबको परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर से देश की जनता को परेशानी में डाला गया। बिहार में लोगों को सड़कों पर आना पड़ा। आंदोलन करना पड़ा। पहली बार यूपी में देखने को मिल रहा है कि एसआईआर से भाजपा परेशान है। भाजपा के नेता परेशान हैं। उनके मंत्री जिले में जा रहे है। मुख्यमंत्री समझा रहे हैं और डिप्टी सीएम भी समझा रहे है कि वोट बढ़ाइये। सरकार प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बना रही है। बहुत से अधिकारी है जो दबाव में काम नहीं करना चाहते हैं। भाजपा के बूथों पर जिस तरह से वोट कटा है उससे भाजपा के लोग सो नहीं पा रहे हैं। भाजपा के बूथों पर कटे फर्जी वोट अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर में भाजपा के बूथों पर बड़ी संख्या में फर्जी वोट कटे है। बड़े-बड़े जिलों में लाखों-लाख वोट कट गये है। अब भाजपा के लोग सो नहीं पा रहे हैं। पूरी सरकार फर्जी वोट बनाने के लिए निकल पड़ी है। मुख्यमंत्री जी निर्देश दे रहे हैं। भाजपा गोपनीय बैठकें कर रही है। अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। अब भाजपा के अगर लोग नकली और फर्जी वोट बनवाने की कोशिश करेंगे। समाजवादी पार्टी के पीडीए बूथ प्रहरी पूरी तरह से सजग और चौकन्ने है। भाजपा के लोग नकली और फर्जी वोट बनवाएंगे तो समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरी उनके खिलाफ एफआईआर करायेंगे। उन्होंने कहा कि एसआईआर से बीजेपी परेशान है। गुपचुप बैठकें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री वोट बढ़ाने का निर्देश दे रहे हैं। चुनाव आयोग मुख्यमंत्री को पहले ही जानकारियां दे रहा है। अब तो मैपिंग एप बनाने वाले पर भी सवाल खड़े हो गये है, जो कम्पनी इलेक्टोरल बांड दे रही है, उसी के एप पर मैपिंग हो रही है।