अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:सीतापुर के जवाहरपुर मार्ग पर हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम

सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में डालमिया चीनी मिल जवाहरपुर मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोहराम मच गया। यहां कटैया गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शिवम पुत्र भगवान दीन उम्र (30), निवासी सरौनी थाना पिसावा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम बाइक से रामकोट की ओर से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह कटैया गांव के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बाइक सवार की हालत बेहद गंभीर थी और मौके पर ही उसकी हालत बिगड़ गई थी। सूचना पाकर जवाहरपुर चौकी प्रभारी राजेश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। इस संबंध में जब चौकी प्रभारी राजेश राय से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी थी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस आसपास के मार्गों और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।