अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:आगरा में सरेंधी बंध के पास हुआ हादसा, पुलिस मौके पर पहुंची

आगरा के खेरागढ़ थाना क्षेत्र में रविवार रात सरेंधी बंध के पास सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब सवा 9 बजे हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार सरेंधी चौराहे की ओर से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही खेरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर सत्यप्रकाश (44) पुत्र मुन्नालाल, निवासी गांव भोपुर, थाना खेरागढ़ के रूप में हुई। थाना प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।