भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर शहर विधानसभा क्षेत्र में अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह सम्मेलन पूर्व शहर विधानसभा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा के नेतृत्व में दिल्ली रोड स्थित अग्रसेन भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी और पूर्व विधायक रविंदर भड़ाना रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता रोहतास प्रजापति ने की। भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने सिद्धांतों, संस्कारों और संवाद की राजनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका संपूर्ण जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। पूर्व विधायक रविंदर भड़ाना ने कहा कि अटल जी का जीवन साधारण से असाधारण बनने की प्रेरक कहानी है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी अपने विचारों और मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। एक कुशल प्रशासक, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राजनेता के रूप में उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। सम्मेलन के आयोजक कमल दत्त शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राजनीति में शुचिता, सर्वसम्मति और संवाद की मजबूत परंपरा स्थापित की। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और पड़ोसी देशों के साथ संवाद की नीति उनके दूरदर्शी नेतृत्व के ऐतिहासिक उदाहरण हैं। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अटल जी के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। सम्मेलन का समापन राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ किया गया।