अपना दल कमेरावादी जिलाध्यक्ष गोतस्करी में भेजे गए जेल:विहिप ने कठोर कार्रवाई की उठाई मांग, गौशालाओं में लगेंगे कैमरे

मिर्जापुर में गौवंश संरक्षण के लिए स्थापित गौशालाओं की आड़ में तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। संतनगर पुलिस ने अपना दल कमेरावादी के जिलाध्यक्ष और सोनबरसा गांव के ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल समेत तीन लोगों को गौवंश तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। घटना के खुलासे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और गौशालाओं में गौवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है। इस गौवंश तस्करी मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेताओं ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने ग्राम प्रधान की संपत्ति की जांच और उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा कृत्य करने का साहस न कर सके। विश्व हिंदू परिषद पूर्वी उत्तर प्रदेश के सत्संग प्रमुख दिवाकर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारें गौ संरक्षण के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। ऐसे में गौ रक्षा की आड़ में तस्करी करने वाले ग्राम प्रधान का पकड़ा जाना गंभीर मामला है। उन्होंने इस मामले में शामिल सभी लोगों और संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूर्व जिला मंत्री मनोज दमकल ने आरोप लगाया कि जिले से बड़े पैमाने पर गौवंशों की तस्करी की जा रही है। उन्हें जंगल के रास्ते बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग संरक्षण देकर इस तस्करी में हिस्सा बांट रहे हैं, जिनके खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है। समाजसेवी जलज नेत ने ग्राम प्रधान के गौवंश तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।