अमरोहा में महिला के घर के बाहर उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इसके बाद भागकर आरोपी ने खुद को घर में बंद कर लिया। वारदात के बाद वहां परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोग उसे घर से बाहर निकालने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपी के घर में तोड़-फोड़ की। घर के बाहर खड़ी कार तोड़ दी। सूचना मिलते ही एएसपी 5 थानों की फोर्स के साथ वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका भी विरोध किया। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया। करीब साढ़े 3 घंटे बाद पुलिस आरोपी को घर से निकालकर ले गई। 5 घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। शुरुआती जांच में मामला अफेयर से जुड़ा बताया जा रहा। आरोपी राशन डीलर है। महिला के घर के पास उसका भी मकान है। घटना बुधवार दोपहर देहात थाना क्षेत्र के पचोकरा गांव की है। पहले देखिए 4 तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला… पचोकरा गांव में नरेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी रूबी (35) के अलावा 3 बच्चे हैं। इनमें 2 बेटे लविश और नकुल व एक बेटी नैना है। आरोपी धीरज वाल्मीकि (22) राशन डीलर है। गांव वालों के मुताबिक आरोपी ने दोपहर 1 बजे वारदात को अंजाम दिया। दोनों के घरों की दूरी करीब 50 मीटर है। गांव वालों के अनुसार, रूबी गांव में ही एक दावत में शामिल होकर घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी धीरज ने रूबी को रोक लिया। रूबी कुछ समझ पाती इससे पहले ही धीरज ने चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। एसपी समेत 5 थानों की फोर्स मौके पर पहुंची रूबी लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी आ गई। गुस्साए ग्रामीण आरोपी के घर की ओर बढ़ने लगे। हालात बिगड़ते देख मौके पर 5 थानों की फोर्स बुलाई गई। कुछ देर में एसपी अमित कुमार आनंद, एएसपी अखिलेश भदौरिया, एसडीएम चंद्रकांता, सीओ अवध भान सिंह भदोरिया और सीओ सिटी अभिषेक यादव भी पहुंचे। भीड़ ने आरोपी के घर पर तोड़फोड़ की गुस्साए परिजनों और गांव वालों ने आरोपी धीरज के घर में तोड़फोड़ की। बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए। बाइक और ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कुर्सियां भी तोड़ीं। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस आरोपी धीरज को साढ़े 3 घंटे बाद करीब साढ़े 4 बजे बाहर निकाल पाई। उसे भीड़ से बचाकर थाने ले गई, लेकिन परिजनों ने महिला के शव को उठने नहीं दिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। घर वाले आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। करीब 5 घंटे बाद परिजन माने। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया- महिला की हत्या सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। गांव के रहने वाले धीरज ने चाकू से गोदकर महिला को मार डाला। युवक को हिरासत में लिया गया है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ———————————– ये खबर भी पढ़ें…
काशी में सुपारी किलर बनारसी यादव एनकाउंटर में ढेर:रियल एस्टेट कारोबारी की शूटरों से हत्या करवाई थी, हुलिया बदलने में माहिर था वाराणसी में सुपारी लेकर रियल एस्टेट कारोबारी की शूटरों से हत्या करवाने वाला बनारसी यादव एनकाउंटर में मारा गया। मंगलवार देर रात इनपुट के आधार पर STF ने बनारसी यादव की घेराबंदी की। इंस्पेक्टर ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन बनारसी ने फायरिंग कर दी। पढ़ें पूरी खबर…