गोंडा के नए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अमित कुमार सिंह ने आज देर शाम अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने प्रभारी बीएसए डॉ. रामचंद्र सिंह से पदभार संभाला। अमित कुमार सिंह को 27 नवंबर को गोंडा का नया बीएसए नियुक्त किया गया था, जिसके 16 दिन बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद, अमित कुमार सिंह ने बीएसए कार्यालय में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम करने का निर्देश दिया। सिंह ने लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी और बच्चों को बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। गौरतलब है कि पूर्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार तिवारी को 11 नवंबर को रिश्वतखोरी के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन ने यह कार्रवाई की थी और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए थे। अतुल कुमार तिवारी के निलंबन के बाद, गोंडा के जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र को प्रभारी बीएसए बनाया गया था, जो अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से मेरे द्वारा कार्य शुरू कर दिया जाएगा। शिक्षकों और बच्चों के हित में जो भी फैसले होंगे लिए जाएंगे बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता के साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी हमारे अध्यापक और कर्मचारी हैं समय से कार्यालय पहुंचे अपने दायित्व का सही से निर्वहन करें।