अयोध्या में बुलडोजर एक्शन, जानकी वार्ड में अतिक्रमण हटाया गया:कॉम्प्लेक्स निर्माण का रास्ता साफ, स्थानीय लोगों में नाराजगी

अयोध्या में एक बार फिर प्रशासन की ओर से बुलडोजर कार्रवाई की गई। आदर्श नगर पंचायत मां कामाख्या धाम के जानकी वार्ड में गाटा संख्या 1565 की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। यह भूमि नगर पंचायत के कॉम्प्लेक्स और दुकानों के निर्माण के लिए शासन स्तर से पहले ही स्वीकृत है, लेकिन अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य लंबे समय से बाधित चल रहा था। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी निखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की कार्रवाई से जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया, लेकिन इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। पूर्व प्रधान सैय्यद नफीसुल हसन ‘आबिद’ ने आरोप लगाया कि जिस जमीन पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है, उसका मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन है और 10 फरवरी को इसकी अगली सुनवाई प्रस्तावित थी। इसके बावजूद प्रशासन ने जबरन कार्रवाई करते हुए गरीबों की दुकानों पर बुलडोजर चलवा दिया, जो न्यायसंगत नहीं है। वहीं, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी निखिलेश मिश्रा ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को 15 दिन पहले नोटिस जारी की गई थी। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।