अयोध्या के राम जन्मभूमि थाना क्षेत्र स्थित दरबारी टोला में शुक्रवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने घर के बाहर खड़े मां-बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई दो युवतियों को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। वारदात में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें मां और बेटा की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अंकित (20) पुत्र काशीराम पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। बेटे को बचाने आई उसकी मां भी हमले की चपेट में आ गईं। शोर सुनकर पहुंची अंकित की बहन और बुआ की बेटी ने जब हमलावरों को रोकने की कोशिश की तो उन पर भी चाकू चला दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को तुरंत श्री राम चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अंकित और उनकी मां की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अन्य दो युवतियों का इलाज श्री राम अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक राम जन्मभूमि ने बताया कि हमलावर युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।