अयोध्या में GBTC का वार्षिकोत्सव:दिव्यांगजनों को एबिलिटी अवार्ड, ग्रामीण बच्चों के लिए 40वीं स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया गया

ग्रामीण प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यरत संस्था गिव बैक टू कम्युनिटी (GBTC) का वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा, वहीं राष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एबिलिटी अवार्ड से सम्मानित होने वालों में वाणी शुक्ला, अमर सिंह, जगदीश वर्मा और नीतू अलरेजा शामिल रहे। सामाजिक सेवा में सक्रिय साहस फाउंडेशन और शिक्षित युवा सेवा समिति को भी विशेष सम्मान दिया गया। पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने सम्मानित किया
संस्था द्वारा बीते वर्षों में आयोजित प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया। वैशाली पाण्डेय और शुभांकर पाण्डेय को स्टूडेंट ऑफ द ईयर चुना गया। कार्यक्रम में GBTC स्मार्ट क्लास श्रृंखला के 40वें परिषदीय विद्यालय का उद्घाटन संस्थापिका किरणदीप संधू और देवेश मोहन ने किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि ग्रामीण बच्चों को आधुनिक संसाधनों और तकनीकी शिक्षा का वैसा ही मौका मिले, जैसा शहरों के बच्चों को मिलता है।
लेफ्टिनेंट जनरल अमित सरीन रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल अमित सरीन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पंकज रावत, नितिन कोहली, मल्लिका कोहली, पी.के. सिंह, सीए दीपक कुमार, विशाल गुप्ता, मंजूला झुनझुनवाला, के.के. मिश्रा, पी.के. नारायण, अभय सिंह और अतुल सिंह शामिल रहे। जवाहर नवोदय विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षा विभाग के मेंटर्स ने भी सहभागिता दर्ज की। मंच से वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगजन समाज के प्रेरक स्तंभ हैं और ग्रामीण बच्चों को अवसर व आधुनिक कौशल शिक्षा प्रदान करना ही भविष्य को दिशा देगा। कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सकारात्मक संदेश देते हुए सम्पन्न हुआ।