अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए प्रहरी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का नेतृत्व पूर्व मंत्री पवन पांडे ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। पवन पांडे ने कहा कि सम्मेलन में शामिल सभी लोगों ने संकल्प लिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की कथित अत्याचारी और जुल्मी सरकार को सत्ता से हटाया जाएगा और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। पूर्व मंत्री ने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले अयोध्या-फैजाबाद में एक दलित परिवार की बेटी के साथ दुराचार हुआ, वहीं अब एक गरीब मुस्लिम परिवार की नाबालिग बेटी के साथ दुराचार कर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं सरकार की नाकामी और संवेदनहीनता को उजागर करती हैं। पवन पांडे ने आगे कहा कि महंगाई चरम पर है, आम आदमी परेशान है और थाना, तहसील व अस्पताल भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में चारों ओर अराजकता फैली हुई है। सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प लिया।