अयोध्या सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण:कमियां दूर करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

अयोध्या में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बानियान ने शनिवार देर शाम कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत परखी और पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। सीएमओ डॉ. बानियान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुजागंज, उमापुर, पूरे कामगार और पटरंगा का दौरा किया। सीएचसी रुदौली में उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी सेवाएं, दवाओं की उपलब्धता, प्रयोगशाला, कोल्ड चेन प्वाइंट, प्रसव कक्ष, जनरल वार्ड और जेएसवाई वार्ड का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीएचसी शुजागंज में दवा व्यवस्था को लेकर सीएमओ ने असंतोष व्यक्त किया और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। वहीं पीएचसी उमापुर का भवन जर्जर अवस्था में पाया गया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके विपरीत पीएचसी पटरंगा में उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था देखकर सीएमओ ने वहां के स्टाफ की प्रशंसा की। इसके अलावा सीएमओ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पूरे कामगार का भी निरीक्षण किया, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित मिलीं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि निरीक्षण में पाई गई कमियों को समय रहते दूर नहीं किया गया तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक राम प्रकाश पटेल, मनोज कुमार त्रिपाठी, कौशलेंद्र सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक सहित विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।