अलीगढ़ में चली धूल भरी आंधी–बूंदाबांदी:शाम को अचानक बदला मौसम, कई इलाकों की बत्ती गुल

​अलीगढ़ में बुधवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। अचानक तेज आंधी के साथ धूल भरी हवा चलने लगी, जिससे पूरे शहर में धूल का गुबार छा गया। इससे सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। इसके चलते राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए धूल भरी आंधी में संतुलन बनाना मुश्किल हो गया और लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तलाश करते नजर आए। बूंदाबांदी ने गर्मी से दिलाई राहत तेज हवा के साथ हुई बूंदाबांदी से जहां राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं गर्मी से राहत भी मिली। हवा के साथ बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया। इससे लोगों को राहत भी मिली। हालांकि बिजली कटौती की समस्या का भी लोगों को सामना करना पड़ा। बिजली की लाइनों पर गिरीं पेड़ों की टहनियां ​तेज हवा का असर शहर की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई इलाकों में पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली की लाइनों पर गिर गईं, जिसके चलते एहतियातन कई फीडरों की बिजली काट दी गई। शहर के क्वार्सी, रामघाट रोड और बन्नादेवी जैसे प्रमुख क्षेत्रों के साथ-साथ कई रिहायशी कॉलोनियों में कुछ देर तक अंधेरा छाया रहा। बाजार में छाया सन्नाटा ​बाजारों में भी इस मौसमी बदलाव का असर देखा गया। कई स्थानों पर धूल के गुबार के कारण दुकानदारों को अपना सामान आनन-फानन में समेटना पड़ा और ग्राहकों के अचानक गायब होने से बाजारों में सन्नाटा पसर गया। आंधी की वजह से जगह-जगह पेड़ों के पत्ते और कूड़ा सड़कों पर जमा हो गया। अचानक आए बदलाव से मौसम में ठंडक हो गई।