गभाना थाना क्षेत्र के घौरौठ गांव में रविवार शाम एक युवक का शव ट्यूबवेल पर चारपाई पर पड़ा मिला। मृतक के गले और आसपास गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। मृतक की पहचान 35 वर्षीय गिरीश पाल सिंह उर्फ विनय पुत्र नाहर सिंह के रूप में हुई। परिजन का कहना है कि विनय घर से खेतों की ओर रोजाना की तरह गया था। देर शाम खेत के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे खून से लथपथ पाया और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पर गले के नीचे तथा आसपास गंभीर चोटों के निशान पाए। विनय शादीशुदा था और उसके एक बेटा व एक बेटी हैं। मृतक के बड़े भाई दानी ने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने विनय की हत्या की है और उसकी गर्दन व शरीर पर चाकू से वार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विनय सीधे-साधे और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। पुलिस की कार्रवाई सीओ धनंजय सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है और प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका है। हालांकि, परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे घटना की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी संपर्क कर संभावित संदिग्धों की पहचान करने और किसी भी जानकारी के लिए सहयोग की अपील की है।