अलीगढ़ में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा:अवैध संबंधों के लिए देवर संग पत्नी ने की थी गला घोंटकर हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज

अलीगढ़ के थाना हरदुआगंज क्षेत्र में चार महीने पहले हुई हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। ब्लाइंड मर्डर केस की पड़ताल कर रही पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सुराग दे दिया। युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने सगे देवर के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। संदिग्ध मौत से शुरू हुई जांच मामला 12 अगस्त 2025 का है। थाना हरदुआगंज क्षेत्र के गांव दीनदयालपुर में सचिन प्रताप सिंह की मौत की सूचना पुलिस को मिली। सचिन का शव फर्श पर पड़ा हुआ था और सिर से खून निकल रहा था। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। हालांकि परिवार के लोगों ने भी हत्या का आशंका जाहिर की थी। गला घोंटने से हुई हत्या खेतीबाड़ी और ड्राइवरी कर परिवार का भरण पोषण करने वाले सचिन की मौत से पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पर्दा उठाया। रिपोर्ट में हत्या का कारण गला घोंटना आया। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गांव में गोपनीय पूछताछ की और परिवारिक रिश्तों को खंगाला। जांच के दौरान चौंकाने वाला सच सामने आया। सचिन के छोटे भाई धर्मेंद्र प्रताप सिंह के भाभी से अवैध संबंध थे। इस बात पर दंपति में कलह चल रही थी। अवैध संबंधों में बन रहा था बाधक सचिन की पत्नी और छोटे भाई ने संबंधों में बाधक बनने पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली। 11 अगस्त की रात को बरामदे में चारपाई पर सोते समय उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्या को सामान्य मौत दिखाने की योजना बनाई गई। 12 अगस्त की सुबह मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। बार–बार बदले बयान हत्या के बाद दोनों आरोपी सामान्य व्यवहार करते रहे, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच में उनके बयान बार-बार बदलते रहे। तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य सबूतों ने शक की सुई पत्नी और देवर की ओर मोड़ दी। मुकदमा दर्ज, दोनों आरोपी गिरफ्तार चौकी प्रभारी बुढ़ासी अजहर हसन की तहरीर पर थाना हरदुआगंज में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।