कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन में KGMU की पीएचडी स्कॉलर महिला यात्री से मारपीट की गई। आरोप है कि ट्रेन के कानपुर पहुंचने पर उतरते समय एक अन्य महिला और उसके परिवार ने बाल पकड़कर थप्पड़ मारे। साथ ही देख लेने की धमकी दी। उन्होंने इस संबंध में जीआरपी थाने में तहरीर दी है। पीड़िता के पति भी कानपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर हैं। घटना की जानकारी पर कई डॉक्टर भी थाने पहुंच गए। वहीं, जिस महिला पर मारपीट का आरोप है, उसके पति रेलवे कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी का कहना है कि दूसरे पक्ष से तहरीर मिलने पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, पीएचडी स्कॉलर लखनऊ से कानपुर आने वाली आगरा इंटरसिटी ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान सीट को लेकर उनका अन्य महिला यात्री और उसके परिवार से कहासुनी हो गई थी। पूरा मामला शुक्रवार शाम 3.55 से 5.15 बजे के बीच का है। लखनऊ केजीएमयू में पीएचडी स्कॉलर हैं प्रियंका प्रियंका शर्मा लखनऊ के केजीएमयू (किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) में पीएचडी स्कॉलर हैं और पैथोलॉजी विभाग से जुड़ी हैं। उनके पति डॉ. भावेश शर्मा, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में ऑर्थो विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। प्रियंका शर्मा ने बताया कि वह शुक्रवार को लखनऊ से कानपुर आने वाली AF इंटरसिटी ट्रेन (संख्या 12179) से सफर कर रही थीं। वह कोच D2 की सीट नंबर 13 विंडो सीट पर बैठी थीं। सफर के दौरान बगल वाली खाली सीट पर एक पुरुष और एक महिला आकर बैठ गए। कानपुर पहुंचने पर उतरते समय हुई मारपीट प्रियंका शर्मा का आरोप है कि ट्रेन में बैठा पुरुष इस तरह से बैठा था कि उन्हें अपनी सीट पर बैठने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने साथ बैठी महिला से कहा कि अपने साथी को ठीक से बैठने को कहें, जिस पर वह भड़क गईं और चिल्लाने लगीं। प्रियंका ने बताया कि उन्होंने उस समय कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप रहीं। शाम 5.15 बजे लगभग जब ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचने वाली थी और वह उतरने के लिए उठीं, तभी महिला और उसके परिवार के सदस्य कृपणा, साधना और आर्यन उन्हें पकड़कर मारने लगे। आरोप है कि इन लोगों ने उनके बाल खींचे, थप्पड़ मारे और धमकी दी कि हमें ट्रेन से कोई नहीं उतार सकता। प्रियंका ने बताया कि सफर के दौरान भी आरोपी परिवार लगातार उन्हें परेशान कर रहा था और अभद्र व्यवहार कर रहा था। डॉक्टर पहुंचे थाने, आरोपी पक्ष रेलवे से जुड़ा बताया जा रहा है घटना की जानकारी मिलते ही कई डॉक्टर कानपुर सेंट्रल स्थित जीआरपी थाने पहुंचे और प्रियंका शर्मा के पक्ष में कार्रवाई की मांग की। सूत्रों के अनुसार, जिस महिला पर मारपीट का आरोप है, उसके पति रेलवे विभाग में कार्यरत हैं। हालांकि, अब तक दूसरा पक्ष सामने नहीं आया है। इस मामले में जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर प्राप्त हुई है और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष की तहरीर मिलने पर उस पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि ट्रेन के कोच में मौजूद यात्रियों के बयान और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। ———————— ये खबर भी पढ़िए… इकलौते बेटे को बर्थडे पर बुलेट दिलाई, उससे ही मौत:लखनऊ में बहन को स्कूल छोड़कर घर आ रहा था, बस से टकराया लखनऊ में बुलेट सवार 11वीं का छात्र और उसका दोस्त बस से टकरा गए। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। शुक्रवार सुबह छात्र अपनी बहन को स्कूल छोड़कर दोस्त के साथ घर लौट रहा था। स्कूल से निकलते ही एक प्राइवेट बस से टकरा गया। पढ़ें पूरी खबर…