आगरा के कोठी मीना बाजार एमजी रोड-2 पर स्थित न्यू शाहगंज इलाके में सत्तो लाला फूड कोर्ट में आग लग गई। जब आग लगी उस समय रेस्टोरेंट में कई परिवार खाना खा रहे थे। आग को देख कर रेस्टोरेंट और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल मच गया। लेकिन रेस्टोरेंट में फंसे लोगों को समय रहते हुए निकाल लिया गया। आग पूरे रेस्टोरेंट में फैल गई। इसके बाद रेस्टोरेंट का बड़ा हिस्सा धू-धू कर जल उठा। उत्तमचंद खडेलवाल ने बताया- शाम 8 बजे करीब चिमनी में आग लग गई थी। इसके बाद आग ने विकाराल रूप ले लिया। रेस्टोरेंट में कुछ लोग थे, जिन्हें निकाल लिया गया। सारा सामान जल कर राख हो गया है, कुछ भी नहीं बचा है। इसमें दो बाइक पूरी तरह से जल गई है, लेकिन पता नहीं है बाइक कर्मचारी की है या फिर रेस्टोरेंट में आए किसी व्यक्ति की है। आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। कोई जनहानी नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटों की चपेट में साथ में स्थित HDFC बैंक भी आ गया, जिससे बैंक परिसर को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। यह पूरा मामला थाना शाहगंज क्षेत्र का है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए हुए है।