आगरा पुलिस ने पकड़ा चेन लुटेरा:वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, गैंग का एक सदस्य फरार

हरीपर्वत कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चेन लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रवि कश्यप, इटावा का रहने वाला है और उस पर कई जिलों में चैन लूट के मुकदमे दर्ज हैं। उसका साथी सनद जैन अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। दोनों लंबे समय से चैन लूट की वारदातों को अंजाम देते आ रहे थे। पुलिस के अनुसार, शनिवार को दोनों किसी नई वारदात की साजिश रचने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से रवि कश्यप को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से लूट में प्रयुक्त पल्सर बाइक और 5 हजार नकद बरामद किए गए हैं। कई जिलों में सक्रिय था गिरोह जांच में सामने आया है कि रवि कश्यप ने ग्वालियर और फिरोजाबाद में कई चेन लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। वहीं उसका साथी सनद जैन अहमदाबाद, इटावा, ग्वालियर और फिरोजाबाद में लूट के मामलों में वांछित है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि आगरा और फिरोजाबाद से लूटी गई सोने की चैनें वर्तमान में उसके फरार साथी सनद जैन के पास हैं। दहेज हत्या में भी आरोपी रवि कश्यप पहले दहेज हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है। उस पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिन पहले इसी गिरोह ने पालीवाल पार्क के बाहर एक शिक्षिका से चैन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का मानना है कि शनिवार को भी ये दोनों किसी नई वारदात की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने जाल बिछाकर रवि को पकड़ लिया।