आगरा में राजामंडी स्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ब्रज प्रांत कार्यालय पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें फूलों की फुहार और कलाकारों की प्रस्तुति से आनंदमय वातावरण में समारोह भव्यता एवं दिव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह की शुरुआत हवन क्रिया से हुई, जिसमें समस्त कार्यकर्ताओं ने मंत्रोच्चारण और लोक कल्याण की कामनाओं के साथ भाग लिया। इसके बाद सांस्कृतिक नृत्य हुए, जिसमें राधा-कृष्ण के स्वरूप ने नृत्य कर जमकर सभी के साथ फूलों की होली खेलकर रंगोत्सव के पावन पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अभाविप की मान्यता है कि बिना अराजकता एवं हुडदंग के भी सद्भाव के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा सकता है। क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज नीखरा ने हवन कुंड में प्रथम आहुति अर्पित कर पूजन का शुभारंभ किया और कहा कि होली का त्योहार भक्त प्रहलाद के ईश्वर की प्रति अनन्य भक्ति और बुराई पर अच्छाई का प्रतीक है। समारोह में महानगर मंत्री शिवांग खंडेलवाल, महानगर अध्यक्ष डॉ राजेश कुशवाह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एम एल सी विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष भाजपा राजकुमार गुप्ता, rss प्रांत कार्यालय प्रमुख बादाम सिंह, अभाविप प्रांत संगठन मंत्री अनुज ठाकुर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।