आगरा में ट्रेन के AC कोच में महिला से छेड़छाड़:भाई-पति को पीटा; बोली- हमने जिसे पकड़ा, रेलवे पुलिस ने उसे भगाया

आगरा के फोर्ट स्टेशन पर मरुधर एक्सप्रेस के एसी कोच में महिला के साथ छेड़छाड़ की गई। वह भाई और पति के साथ अपनी बहन और जीजा को छोड़ने गई थी। तभी एक युवक ने उसके ऊपर कमेंट किया। महिला के भाई और पति ने विरोध किया, तो उसके साथ के 10 लड़कों ने उन्हें पीट दिया। जब वह भागने लगे तो महिला के भाई ने एक लड़के को पकड़कर जीआरपी के हवाले किया। महिला का आरोप है कि रेलवे पुलिस ने आरोपी युवक पर कार्रवाई न करने और उसे जाने देने का दबाव बनाया। भाई ने जिस युवक को पकड़ा था, उसे भगा दिया। मामला आगरा फोर्ट स्टेशन का है। अब पढ़िए पूरा मामला घटना मंगलवार सुबह सवा आठ बजे की है। अलीगढ़ की रहने वाली महिला जोधपुर जाने के लिए आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। वह अपनी बहन और जीजा को छोड़ने आई थी। बहन और जीजा का वाराणसी से जोधपुर जाने वाली मरुधर के एसी कोच बी-वन में आरक्षण था। महिला के अनुसार वह कोच में पहुंची तो वहां मौजूद युवक ने उस पर फब्ती कसी। छेड़छाड़ करने लगे। जिसका उसके साथ आए भाई और पति ने विरोध किया। ट्रेन में युवक के साथ मौजूद उसके साथियों ने मारपीट शुरू कर दी। युवकों ने महिला से भी अभद्रता की। मारपीट और हंगामा होने की जानकारी पर आरपीएफ वहां पहुंच गई। महिला के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने आरोपित के खिलाफ शिकायत दी, लेकिन वहां मौजूद दारोगा ने उन्हें टरका दिया। पुलिस के इस रवैये से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर दिया। फोर्ट जीआरपी थाने पर महिला के परिजनों ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर मंगलवार दोपहर एक्स पर पोस्ट किया। जिसके बाद जीआरपी अधिकारी हरकत में आए। मेरे भाई और पति को बहुत मारा
पीड़ित महिला ने कहा- मैं अलीगढ़ की निवासी है, हम सुबह आगरा आए हुए थे। मेरी बहन और जीजा जोधपुर जा रहे थे। आगरा फोर्ट पर ट्रेन में बैठाते समय कुछ लड़कों ने बदतमीजी कर दी। इस पर भाई और मेरे पति ने विरोध किया। वे लगभग 10 लड़के थे, उन्होंने मेरे भाई और पति को बहुत मारा। भद्दी-भद्दी गालियां दी। इसके बाद हम लोगों ने एक लड़के को पकड़ लिया। इसके बाद हम उसे GFP थाने लेकर गए। महिला ने पुलिस पर लगाया आरोप महिला ने कहा- थाने में एक दरोगा बैठे थे, इसकी शिकायत हमने उनसे की। लेकिन उन्होंने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की, और उसे छोड़ दिया। जो दरोगा थे वे अपनी वर्दी में नहीं था। उन्हें पकड़ने की जगह पर दरोगा हम पर ही दबाव बनाने लगे। जिसकी वजह से हम कोई कार्रवाई नहीं कर सके। सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित ने बताया- कोच में प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि कोच में युवक वाराणसी से आ रहे थे। वह फोर्ट स्टेशन पर आपस में मिठाई बांट रहे थे। इसी दौरान एक युवक की कोहनी महिला को लग गई। उसने माफी मांग ली। विवाद होने पर जीआरपी दोनों पक्ष को उनकी बात सुनने थाने पर लेकर आई थी। युवक के थाने से भगाने और महिला के आरोपों की जांच की जा रही है। —————– ये खबर भी पढ़ें… यूपी सरकार के 2 मंत्री भिड़े:ओपी राजभर ने कहा- मां का दूध पीया है तो बताओ; अनिल बोले- मां को बीच में नहीं लाना था ‘अगर पूरे देश में वोट बेचने की कोई दुकान है, तो उसका पता बताया जाए। अगर माई के लाल हैं, तो बता दें। आज जो लोग उंगली उठा रहे हैं, वे कभी लोहा चोरी किया करते थे। 23 साल में ओम प्रकाश राजभर ने जो किया है, क्या किसी और ने किया? जब हमने अपने बाप को बाप कहना शुरू किया, तब लोगों का ध्यान सुहेलदेव महाराज की ओर गया।’- ओम प्रकाश राजभर पढ़ें पूरी खबर…