अखिल भारतीय प्रगतिशील जाट महासभा ने आगरा में दो चौकों के नामकरण का काम शीघ्र शुरू करने की मांग की है। महासभा ने चौधरी चरण सिंह चौक (बाद गांव) और महाराजा सूरजमल चौक (मधुनगर) पर कार्य प्रारंभ करने की अपील की। यह मांग रविवार को सेवला में आयोजित महासभा की बैठक में उठाई गई। महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार ने बताया कि दक्षिणी बाईपास ग्वालियर रोड स्थित बाद गांव के चौराहे का नाम चौधरी चरण सिंह चौक रखने का प्रस्ताव शासन स्तर से स्वीकृत हो चुका है। इसी तरह, मधुनगर चौराहे का नाम महाराजा सूरजमल चौक रखने का प्रस्ताव नगर-निगम से 2022 में ही पारित हो गया था। हालांकि, दोनों ही स्थानों पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। महासभा इन कार्यों को शुरू कराने के लिए आगरा के मंडल आयुक्त से मुलाकात करेगी। मासिक बैठक में सर्वसम्मति से मृत्युभोज जैसी कुरीति को बढ़ावा न देने और इससे परहेज करने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त, 15 मार्च को होली मिलन समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव पारित हुआ। 13 फरवरी को महाराजा सूरजमल की जयंती संजय खिरवार के निवास पर समारोह पूर्वक मनाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में अखिल भारतीय प्रगतिशील जाट महासभा के संगठन विस्तार पर भी चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पुरुषोत्तम फौजदार ने की, जबकि संचालन संजय खिरवार ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार, मुख्य संरक्षक यादराम सिंह वर्मा, उदयवीर सिंह चाहर, डॉ. नेत्र पाल सिंह चाहर, मोहन सिंह सोलंकी, सूबेदार मेजर चंद्रवीर सिंह नौहवार, ओमवीर सिंह भगोर, तेजवीर सिंह चारंग, डॉ. दुष्यंत सिंह, गजेंद्र, चौ. कृपाल सिंह चाहर, सुखबीर सिंह सोलंकी, पार्षद राजेंद्र सिंह चाहर, सूबेदार धर्मवीर सिंह चाहर, शैलेंद्र सिंह, नवल सिंह फौजदार, शिवकुमार जूरेल, सूबेदार जगदीश चाहर और लोकेन्द्र सिंह सहित कई सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।