आगरा हाईवे पर बाइक सवार दो दोस्त जिंदा जले:रिटायर्ड सैन्यकर्मी का बेटा और उसका दोस्त आगरा जा रहे थे, फिरोजाबाद में हादसा हुआ

कानपुर के दो दोस्तों की फिरोजाबाद में सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार दोपहर आगरा-कानपुर हाईवे पर सिरसागंज थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक में आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतकों की पहचान कानपुर के चकेरी स्थित शिवकटरा मालिक की बगिया निवासी वैभव अवस्थी (25) और उसके दोस्त सिद्धार्थ के रूप में हुई है। वैभव रिटायर्ड सैन्यकर्मी अवधेश अवस्थी का छोटा बेटा था और फ्लिपकार्ट में कानपुर मैनेजर के पद पर कार्यरत था। अवधेश अवस्थी के परिवार में पत्नी सुनीता और दो बेटे गौरव व वैभव हैं। बड़ा बेटा गौरव गुवाहाटी से पीएचडी कर रहा है। वैभव और सिद्धार्थ सोमवार दोपहर करीब 3 बजे आगरा में फ्लिपकार्ट के नए स्टोर के उद्घाटन में शामिल होने के लिए बाइक से निकले थे। अवधेश अवस्थी ने बताया कि इटावा पहुंचने पर वैभव से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। रात करीब 9 बजे चकेरी पुलिस ने घर आकर घटना की जानकारी दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर दोनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। वैभव का अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर 4 बजे जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर किया गया। वहीं, सिद्धार्थ का अंतिम संस्कार बुधवार को उसकी मां के लौटने के बाद किया जाएगा।